{"_id":"4a94efdcf2f62eccb13cf626bce77ced","slug":"accident-in-delhi-hindi-news-jn","type":"story","status":"publish","title_hn":"जेन और स्विफ्ट हादसे में किशोरी की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जेन और स्विफ्ट हादसे में किशोरी की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, दिल्ली
Updated Sat, 21 Mar 2015 09:14 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के वसंत विहार में रफ्तार का कहर सामने आया है। बृहस्पतिवार रात जेन कार पेड़ से टकरा गई। इससे ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठी 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई जबकि कार चला रहा युवक घायल हो गया। चालक ने कार पर अपना नियंत्रण खो दिया और कार पेड़ से जा टकराई। घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वसंत विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि किशोरी ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी।
विज्ञापन
दक्षिण जिला डीसीपी प्रेमनाथ ने बताया कि ये दुर्घटना बृहस्पतिवार रात करीब 12.15 बजे वसंत विहार के डी-ब्लॉक में कल्याण केंद्र के पास हुई। शुभम (18) एयर इंडिया कॉलोनी में रहता है। रात को वह जेन कार से घूमने निकला था। वह पास में ही रहने वाली अपनी दोस्त श्वेता (16) को घुमाने ले गया था। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। शुभम कार काफी तेज चला रहा था। डी-ब्लॉक में कल्याण केंद्र के पास शुभम ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार पेड़ से जा टकराई। कार बायीं तरफ से पेड़ से रगड़ खाती हुई चली गई।
विज्ञापन
किसी राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पीसीआर वैन ने दोनों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने श्वेता को मृत घोषित कर दिया। घायल शुभम का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। वसंत विहार थाना पुलिस ने शुभम के खिलाफ मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद श्वेता का शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद श्वेता के परिजनों को बुरा हाल है।
विज्ञापन
कार पर गिरा लोहे का गर्डर
दिल्ली के आनंद विहार के कड़कड़डूमा कोर्ट के पास मेट्रो निर्माण स्थल के पास से गुजर रही एक स्विफ्ट कार पर गर्डर गिर गया। हादसे में कार में सवार मां-बेटी बाल-बाल बच गईं। गर्डर गिरने से कार अनियंत्रित हो गई और एक रिक्शा व साइन बोर्ड से टकराने के बाद रुक गई। महिला की शिकायत पर आनंद विहार थाना पुलिस ने मेट्रो के निर्माण कार्य में लगी कंपनी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रेनू (54) सपरिवार प्रीत विहार में रहती हैं। उसके पति अशोक गोयल का व्यवसाय था लेकिन बीमार होने की वजह से वह घर पर ही रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह रेनू सुरजमल विहार की ओर से अपनी कार से घर आ रही थीं। साथ में बेटी पल्लवी भी थी। कड़कड़डूमा कोर्ट के पास मेट्रो निर्माण का कार्य चल रहा है। कोर्ट के पास पहुंचते ही छह से आठ फीट लंबा लोहे का एक गर्डर उनकी कार की छत पर गिरा। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और कार अनियंत्रित होकर एक रिक्शा, साइन बोर्ड व आस पास से गुजर रहे एक दो वाहनों से टकराने के बाद रुक गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। रेनू की बेटी ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।
अपनी शिकायत में उसने बताया कि डीएमआरसी व निर्माण कार्य में लगी कंपनी की लापरवाही से उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई और उनकी जान भी जा सकती थी। आनंद विहार थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।