आप नेताओं ने किया थाने का घेराव, पार्टी का आरोप- कॉल सेंटर कर्मियों को धमका रही पुलिस
आप सांसद संजय सिंह की अगुवाई में आप कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सनलाइट पुलिस स्टेशन का घेराव किया। पार्टी का आरोप है कि दिल्ली पुलिस आप के लिए काम करने वाले काल सेंटर संचालकों को धमका रही है। करीब चार घंटे तक थाने में रुकने के बाद संजय सिंह वापस लौट गए। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस में हिम्मत है तो वह उन्हें गिरफ्तार करके दिखाए। बेवजह काल सेंटर संचालकों को परेशान करना ठीक नहीं है।
हालांकि, इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी विधायकों के सनलाइट कॉलोनी थाने पहुंचने की अपील की। लिहाजा दक्षिणी दिल्ली प्रत्याशी राघव चड्ढा समेत करीब बीस विधायक व कार्यकर्ता पहुंच गए थे। उधर, संजय सिंह ने चुनाव आयोग से मिलने का समय मांगा है।
संजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा दिल्ली में दिखती अपनी हार से डर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के इशारे पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी क्राइम की इस मामले में स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। दिल्ली पुलिस आप नेताओं, लोकसभा प्रत्याशियों और पार्टी के कॉलिंग कैंपेन में शामिल वेंडरों का उत्पीड़न कर चुनाव को प्रभावित कर रही है। संजय सिंह ने इस मसले में शिकायत करने के लिए राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा है। वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त महोदय से मामले को संज्ञान में लेने की गुजारिश की है।
'आप के दो कॉल सेंटर पर अमित शाह ने दिल्ली पुलिस की रेड कराई'
संजय सिंह का कहना है कि दिल्ली के लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने की शिकायत पहलीे चुनाव आयोग से की गई थी। तत्कालीन चुनाव आयुक्त ने माना था कि करीब 10 लाख वोटरों के नाम दिल्ली में काटे गए हैं। पार्टी दिल्ली के वोटर का नाम जुड़वाने में आयोग की मदद कर रही है। लेकिन इसकी तारीफ करने की जगह पार्टी की तरफ से किराए पर लिए गए काल सेंटर संचालकों को परेशान किया जा रहा है। पुलिस स्टेाश्न पहुंचे संजय सिंह ने कहा कि वह कॉलिंग अभियान को चलाने की जिमेदारी लेते हैं।
अरविंद केजरीवाल बोले: आज सुबह आप के दो कॉल सेंटर पर अमित शाह ने दिल्ली पुलिस की रेड कराई है। अब सारे काल सेंटर मालिकों को थाने में बुलाकर धमकाया जा रहा है। उनको नसीहत दी जा रही है कि आप के लिए काम करना बंद कर दो। अमित शाह ऐसे चुनाव लड़ेंगे? काल सेंटर वालों को क्यों तंग कर रहे हो? हिम्मत है तो हमें गिरफ्तार करके दिखाओ।
मनीष सिसाोदिया ने कहा, अगर इस देश में लोगों के संवैधानिक अधिकार उनको वापस दिलवाना जुर्म है, तो यह जुर्म आप ने किया है। भाजपा पुलिस के द्वारा कॉल सेंटर के मालिकों को परेशान ना करके इस जुर्म के लिए सीधे-सीधे हमें गिरफ्तार करें। यहां गुजरात मॉडल नहीं चलने वाला, यह दिल्ली है, यहां लोकतंत्र चलता है। दिल्ली की जनता के साथ यह मानवीय कृत्य करना छोड़ दें, वरना दिल्ली की जनता आपको नहीं छोड़ेगी।
विधायक कपिल मिश्रा ने उपराज्यपाल से की केजरीवाल की शिकायत
आम आदमी पार्टी के बागी विधायक कपिल मिश्रा ने इस मामले में उपराज्यपाल से मुख्यमंत्री की शिकायत की है। कपिल मिश्रा का आरोप है कि मुख्यमंत्री अपने पद का बेजा इस्तेमाल कर पुलिस जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, लोगों को भावनाएं भड़काने की भी कोशिश हो रही है। उपराज्यपाल को भेज गई शिकायत में कपिल मिश्रा ने लिखा है कि दिल्ली में पिछले कई दिनों से लोगों के पास वोटर आईडी से संबंधित फेक फोन कॉल आ रही थी। इसके संबंध में चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवाई थी। अब जब चुनाव आयोग की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने पद का इस्तेमाल करते हुए उसे प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
कपलि मिश्रा के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने ट्विटर के माध्यम से अपने विधायकों व कार्यकर्ताओं को थाने पहुंचने को कहा। इसके बाद राज्यसभा सांसद संजय सिंह, कई विधायक व आप उम्मीदवार राघव चड्ढा सनलाइट थाने पहुंच गए। यह सीधे तौर पर झूठ बोलकर पुलिस जांच प्रभावित करने का मामला है। कपिल मिश्रा ने गुजारिश की है कि उपराज्यपाल इस मामले में उचित कार्रवाई करें।