AAP को अब भी मिल रहा है जबरदस्त चंदा?
लोकसभा चुनाव बेशक खत्म हो गए हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी की चंदे की लाइन अभी भी चालू है। खास बात यह कि पिछले दो दिनों की तुलना में मंगलवार को आप के खाते में ज्यादा नकदी आई।
पार्टी को लोकसभा चुनाव के लिए 1.05 लाख लोगों से 35.48 करोड़ रुपये ही मिल सके। इसमें सबसे ज्यादा एक मई को पार्टी के खाते में एक करोड़ रुपये आए थे।
उसके बाद दस मई तक रोजाना करीब बीस लाख रुपये मिले। वहीं, 11 और 12 मई को ग्राफ तेजी से गिरा और पार्टी को 2.98 लाख और 2.56 लाख रुपये मिले, जबकि 13 मई शाम तक 4.60 लाख रुपये मिल चुके थे।
आप की दलील, पार्टी कोष में जमा रहेगी नकदी
इस बारे में पार्टी का कहना है कि चुनावी भागमभाग के बीच इस तरफ अभी ध्यान नहीं गया है। अगले कुछ दिनों में चंदे को जारी रखने के बारे में विचार किया जाएगा। इससे पहले आने वाली नकदी पार्टी फंड में जमा होगी।
दरअसल, आप ने बीते साल 12 दिसंबर को लोकसभा चुनाव के लिए चंदा लेना शुरू किया था। हालांकि दिल्ली विधानसभा चुनाव की तरह आम चुनाव में आप की कोशिश रंग नहीं दिखा सकी।
दिल्ली चुनाव होने से पहले पार्टी को बीस करोड़ रुपये मिल गए थे। लिहाजा आप ने लोगों से चंदा न देने की अपील की थी।