आप ने नरेंद्र मोदी को दिया कड़ा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के एके-49 वाले बयान पर ‘आप’ का कहना है कि मोदी देश को बेमतलब के मसलों में उलझाने की कोशिश कर रहे हैं। वो कुछ भी कह लें, एके आवाम में मशहूर है। ‘आप’ ने गुजरात सरकार के जवाब को झूठ का पुलिंदा बताया। जम्मू की एक रैली में 49 दिन सरकार चलाने वाले केजरीवाल को एके-49 कहते हुए मोदी ने उन पर पाकिस्तानी एजेंट होने का आरोप लगाया।
इस पर ‘आप’ के नेता मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया कि मोदी के झूठ पर सवाल उठाने वाला हर शख्स पाकिस्तानी एजेंट कहलाएगा। पार्टी प्रवक्ता दिलीप पांडेय ने कहा कि भाजपा और मोदी से जब आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सवाल किया जाता है तो वे उल्टा सवाल दाग देते हैं। उस पार्टी के नेता केजरीवाल को पाकिस्तानी एजेंट बता रहे हैं, जो पाकिस्तान जाकर जिन्ना की मजार पर माथा टेकते हैं।
‘आप’ ने अपनी वेबसाइट पर फंडिंग के लिंक में एक मैप डाला था, जिसमें उनको मिल रहे चंदे को नक्शे में अलग-अलग रंगों से रंगा गया था। यह सामान्य बात है, लेकिन मोदी में सामान्य इंटरनेट यूजर्स जितनी भी समझ नहीं है। दिलीप ने कहा कि गुजरात सरकार की तरफ से पार्टी को दिए गए जवाब झूठ का पुलिंदा हैं।
गुजरात सरकार के जवाब पर ‘आप’ की दलील
गुजरात राज्य पेट्रोलियम कॉरपोरेशन का प्रस्ताव गैस कीमत को 14 डालर तक करने का है। इस मामले में भाजपा देश को गुमराह नहीं कर सकती। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो की वेबसाइट से पता चलता है कि गुजरात में 15 साल में हर साल औसतन पांच सौ किसानों ने आत्महत्या की। राज्य सरकार किस आधार पर कह रही है कि वहां किसान आत्महत्या नहीं कर रहे।
रिटेल में एफडीआई के मसले पर मोदी ने दिल्ली में अपना रुख साफ किया था कि कारोबारी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्द्धा से क्यों घबरा रहे हैं। भाजपा किस आधार पर एफडीआई के विरोध की बात कह रही है।
कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ सबसे पहले ‘आप’ ने मोर्चा खोला था। अरविंद केजरीवाल ने मीडिया के सामने राबर्ट वाड्रा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। जबकि इस खुलासे के एक साल पहले से भाजपा नेता अरुण जेटली के पास इससे संबंधित सारे कागजात थे।