Delhi Election: आम आदमी पार्टी की पहली सूची में 11 उम्मीदवारों का नाम; देखें किसे कहां से मिला टिकट
फरवरी में दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव होना है। जिसको लेकर आम आदमी पार्टी तैयारी में जुटी हुई है। आज आम आदमी पार्टी ने पीएसी की बैठक बुलाई है। पीएसी की बैठक में दिल्ली विधानसभा 2025 चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है।
विस्तार
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में आप की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में इस पर फैसला लिया गया। विधायकों के खिलाफ लोगों की नाराजगी को भांपते हुए तीन मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। वहीं, पिछले दिनों कांग्रेस व भाजपा से आप में शामिल होने वाले छह नेताओं को उम्मीदवार बनाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी की सर्वोच्च फैसले लेने वाली संस्था पीएसी की बैठक आज हो रही है। पीएसी की बैठक में दिल्ली विधानसभा 2025 चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। बैठक में आप के दिग्गज नेताओं ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की। जिसके बाद 11 नामों वाली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है।
इस लिस्ट में ब्रह्म सिंह तंवर, बीबी त्यागी और अनिल झा का नाम शामिल है, ये हाल ही में भाजपा छोड़ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। वहीं जुबैर चौधरी, वीर सिंह धींगान और सुमेश शौकीन का नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं, ये कांग्रेस से आप में आए हैं।
कौन कहां से उम्मीदवार
छतरपुर : बीते चुनाव में यह सीट आप के खाते में गई थी। करतार सिंह तंवर विजयी हुए थे। लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने पाला बदल लिया और भाजपा में शामिल हो गए। उधर, छतरपुर से भाजपा के टिकट पर तीन बार विधायक रहे ब्रह्म सिंह तंवर आप में शामिल हो गए। आप ने इन पर ही भरोसा जताया है।
बदरपुर : राम सिंह नेता पिछली विधानसभा से पहले कांग्रेस से आप में शामिल हुए थे। आप ने 2020 विधानसभा चुनाव में भी प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बेहद करीबी मुकाबले में भाजपा के रामबीर सिंह बिधूड़ी से हार गए थे। आप ने दुबारा राम सिंह पर भरोसा जताया है।
लक्ष्मी नगर : बीबी त्यागी ने पिछले दिनों भाजपा छोड़ दी थी। वे आप में शामिल हुए थे। त्यागी पहले एमसीडी नेता सदन रह चुके हैं। एक बार भाजपा ने लक्ष्मी नगर सीट से इनको प्रत्याशी भी बनाया था।
सीमापुरी : बीते चुनाव में सीमापुरी सीट आप के हक में गई थी। विधायक राजेंद्र पाल गौतम आप सरकार में मंत्री भी रहे। बाद में विवादों में आने पर मंत्री पद से हटा दिया गया। कुछ समय बाद वह पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। बीते दिनों कांग्रेस से कई बार विधायक रहे वीर सिंह धींगान आप में शामिल हो गए। आप ने धींगान को उम्मीदवार बनाया है।
विश्वास नगर : दीपक सिंघला इस सीट से उम्मीदवार हैं। लगातार दूसरी बार सिंघला पर आप ने भरोसा जताया है। पिछला चुनाव हारने के बाद भी वह लगातार आप के लिए लोगों के बीच सक्रिय रहे।
घोंडा : गौरव शर्मा को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। पत्नी वर्तमान में काउंसलर हैं। वे खुद सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं।
करावल नगर : मनोज त्यागी को उम्मीदवार बनाया गया है। मनोज आप के पार्षद रहे हैं। आप की तरफ से उन्होंने एमसीडी सदन में नेता विपक्ष की भूमिका निभाई थी।
रोहताश नगर : वर्तमान विधायक सरिता सिंह को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।
सीलमपुर : आप ने सीलमपुर विधायक अब्दुल रहमान का टिकट काट दिया है। उनकी जगह पूर्व पार्षद जुबेर चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। जुबेर पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता रहे मतीन अहमद के पुत्र हैं। बीते दिनों पिता-पुत्र ने कांग्रेस छोड़कर आप की सदस्यता ली है।
किराड़ी : आप ने ऋतुराज झा का टिकट काट लिया है। इनकी जगह भाजपा के पूर्व विधायक अनिल झा को उम्मीदवार बनाया है। अनिल ने बीते दिनों आप की सदस्यता ली थी।
मटियाला : मौजूदा विधायक गुलाब सिंह का भी टिकट कट गया है। उनकी जगह कांग्रेस से पूर्व विधायक सुमेश शौकीन को उम्मीदवार बनाया है। सुमेश ने बीते दिनों आप की सदस्यता ली थी।
बता दें कि अगले साल फरवरी में दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव होना है। जिसकी तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी पूरे जोश में काम कर रही है। अभी दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान अभी हुआ नहीं है। 2020 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं। भाजपा के खाते में 8 सीटें गई थीं, जबकि कांग्रेस के हाथ खाली रहे थे।