{"_id":"5bbbef0d867a5528691c11b0","slug":"aam-aadmi-party-reaction-on-manoj-tiwari-on-amount-assigned-to-mcd-by-central-government","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: आप ने मनोज तिवारी पर बोला हमला, कहा- निगम को पैसे देने के नाम पर झूठ बोल रही भाजपा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: आप ने मनोज तिवारी पर बोला हमला, कहा- निगम को पैसे देने के नाम पर झूठ बोल रही भाजपा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Tue, 09 Oct 2018 05:28 AM IST
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पर हमला बोला है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र से एमसीडी को आवंटित राशि के मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष झूठ बोल रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में उनकी केंद्र सरकार बता रही है कि वह एमसीडी के सफाई कर्मियों के लिए कोई पैसा नहीं देंगे।
विज्ञापन
आप कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए उत्तर पूर्वी लोकसभा सीट के प्रभारी दिलीप पांडेय ने सोमवार को सवाल किया कि यदि भाजपा शासित एमसीडी की जिम्मेदारी सड़कों को साफ करने की है तो दिल्ली में कूड़ा क्यों पड़ा है? सफाईकर्मी के हक का पैसा जब दिल्ली सरकार ने पिछली सरकारों से ज्यादा दे दिया तो ये पैसा किसकी जेब में जा रहा है?
विज्ञापन
दिलीप पांडेय ने बताया कि सफाई कर्मचारियों के हक में दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट गई थी। अदालत से अपील की गई थी कि दूसरे राज्यों की तरह दिल्ली को भी 5000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार दे, लेकिन अदालत में केंद्र सरकार ने सफाई कर्मचारियों के लिए फंड देने से इंकार कर दिया। जबकि दिल्ली सरकार ने 500 करोड़ देने की बात कही। इससे स्पष्ट है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केंद्र से आवंटन के मामले में दिल्लीवालों से झूठ बोल रहे हैं।
विज्ञापन
दूसरी तरफ पूर्वी दिल्ली प्रभारी आतिशी ने बताया कि एमसीडी की नाकामी से पूर्वी दिल्ली के लोग परेशान हैं। लोगों के घर से कूड़ा नहीं निकल रहा है। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि पूर्व की सरकारों से मौजूदा दिल्ली सरकार ने एमसीडी को 2.5 से तीन गुना ज्यादा फंड आवंटित किया है। आतिशी ने मनोज तिवारी को चुनौती दी कि वह एक कोई दस्तावेज दिखा दें, जिसमे लिखा हो कि दिल्ली सरकार को केंद्र से 325 करोड़ रुपये के अलावा कोई भी पैसा मिला हो।
एमसीडी को 5000 करोड़ रुपये दे केंद्र
इस मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट की सलाह पर दिल्ली सरकार ने एमसीडी को 500 करोड़ दिए। जबकि सोमवार को केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट की सलाह के बावजूद 500 करोड़ रुपये देने से मना किया। जबकि केंद्र का एमसीडी को 5000 करोड़ देना बनता है। आज अगर चंद अमीरों के लोन माफ करने होते तो ये तुरंत कर देते। लेकिन दिल्ली की सफाई और गरीब सफाई कर्मियों के लिए पैसे नहीं दे रहे। क्या भाजपा की दिल्ली के प्रति यही जिम्मेदारी है? फिर दिल्ली वाले आपको लोकसभा चुनाव में क्यों वोट दें?