Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   A message of environmental conservation through plastic waste

Delhi NCR News: प्लास्टिक कचरे से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा हरियाणा

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 22 Nov 2026 06:15 PM IST
विज्ञापन
अपडेट खबर:
विज्ञापन




- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हरियाणा पवेलियन में दिख रहा कला और पर्यावरण संरक्षण का संगम


शनि पाथौली
नई दिल्ली। प्लास्टिक का कचरा पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इस्तेमाल के बाद फेंकी जाने वाली प्लास्टिक की वस्तुएं लंबे समय तक नष्ट नहीं होती और जमीन से लेकर जलस्रोतों तक को प्रभावित करती हैं। ऐसे में अगर इसी कचरे को कला का माध्यम बना दिया जाए तो यह पर्यावरण संरक्षण के साथ रचनात्मकता की भी मिसाल बन सकता है। भारत मंडपम में चल रहे 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा पवेलियन में कुछ ऐसा ही अनोखा प्रयोग देखने को मिल रहा है। यहां हरियाणा पवेलियन में कलाकार बेकार प्लास्टिक से पर्यावरण अनुकूल चित्र तैयार करने का प्रदर्शन कर रहे हैं।
हरियाणा पवेलियन में यह प्रयोग मेले में आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां कलाकार प्लास्टिक कचरे को कला के रूप में बदलने की अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। आमतौर पर प्लास्टिक की थैलियां, पैकेजिंग सामग्री और दूसरी वस्तुएं इस्तेमाल के बाद कूड़ेदान में डाल दी जाती हैं। लेकिन इस पहल में इन्हीं बेकार सामग्रियों को चित्रकारी का माध्यम बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल खूबसूरत कलाकृति तैयार करना नहीं, बल्कि लोगों की सोच में बदलाव लाना भी है। इस पहल के जरिये लोगों को बताया जा रहा है कि जिसे वे बेकार समझकर फेंक देते हैं, उसका इस्तेमाल कलात्मक और उपयोगी वस्तुएं बनाने में भी किया जा सकता है।
विज्ञापन



कचरे को संसाधन के रूप में देखने का संदेश


प्रदर्शन के दौरान दर्शक को दिखाया जा रहा है कि बेकार समझी जाने वाली सामग्री को किस तरह रचनात्मक काम में लगाया जा सकता है। इससे विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को कचरे के पृथक्करण, पुनः उपयोग और संसाधनों की बचत के प्रति जागरूक करने का अवसर मिलता है। हरियाणा के स्टॉलों पर हरियाणा की पारंपरिक कला और आधुनिक उद्यमिता का मेल देखने को मिल रहा है। मिट्टी के बर्तन, कृत्रिम आभूषण, जैविक और हर्बल उत्पाद, फुलकारी कढ़ाई, कांच के खिलौने, खेलकूद से जुड़े सामान, परिधान और इत्र जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन



कारीगरों और छोटे कारोबारियों को मिला मंच
हरियाणा पवेलियन में इस बार केवल बड़े उद्योगों और सरकारी योजनाओं को ही प्रदर्शित नहीं किया जा रहा, बल्कि स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों, छोटे कारोबारियों को भी अपनी प्रतिभा और उत्पाद दिखाने का अवसर दिया गया है। पवेलियन में 10 कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों के साथ 22 सूक्ष्म, एमएसएमई को जगह दी गई है। यहां वे अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ उनकी बिक्री भी कर रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को दिल्ली जैसे बड़े बाजार में संभावित खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।


परंपरा के साथ आधुनिकता की भी झलक


हरियाणा पवेलियन की एक और खासियत यह है कि यहां प्रदेश की ग्रामीण संस्कृति और आधुनिक विकास को एक साथ प्रस्तुत किया गया है। पवेलियन में पारंपरिक हरियाणवी चौपाल बनाई गई है, जो ग्रामीण जीवन और आपसी मेलजोल की संस्कृति को दर्शाती है। वहीं, आधुनिक तकनीक से जुड़ी गतिविधियों के लिए एआई और संवर्धित वास्तविकता (एआर) आधारित सेल्फी बूथ भी लगाए गए हैं। यहां आने वाले लोग डिजिटल प्रश्नोत्तरी के जरिये हरियाणा के इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


पवेलियन में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की झलक
पवेलियन में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की झलक भी दिखाई गई है। इसके अलावा एक विशेष गतिशील सूचना दीवार के माध्यम से प्रदेश के विकास की कहानी प्रस्तुत की जा रही है। औद्योगिक क्षमता, खेलों में उपलब्धियां, आधारभूत ढांचे का विकास और निर्यात की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है।



भारत मंडपम में मनाया गया हरियाणा दिवस
व्यापार मेले में रविवार को हरियाणा दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा की लोक संस्कृति, परंपराओं और विकास की झलक देखने को मिली। समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए। उन्होंने राज्य की उपलब्धियों और विकास कार्यों के बारे में बताया। भारत मंडपम के एम्फीथिएटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हरियाणवी लोक नृत्य, रागनी और पारंपरिक संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed