पति के बाद छूटा बेटे का भी साथ: पानी के टैंक में डूबा चार साल का बच्चा, मां घटनास्थल पर कर रही थी मजदूरी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 13 जून की है। भगवती के भाई उदय ने बताया कि उसके जीजा की कुछ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी।
विस्तार
दिल्ली कैंट स्थित सीवीडी (सेंट्रल व्हीकल डिपो) में निर्माण कार्य के लिए बनाए गए पानी के टैंक में गिरकर चार साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मां यहां मजदूरी करती है और पास ही झुग्गी में रहती है। पुलिस बच्चे के मामा की शिकायत पर ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। मृत बच्चे की पहचान अमित (4) के रूप में हुई है।
वह अपनी मां भगवती और भाई सुमित (5) के साथ निर्माण स्थल पर बनी झुग्गी में रहता था। परिवार मूलत: उत्तर प्रदेश के ललितपुर का रहने वाला है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 13 जून की है। भगवती के भाई उदय ने बताया कि उसके जीजा की कुछ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। उसकी बहन दोनों बच्चों के साथ यहां झुग्गी में रहकर मजदूरी कर रही है। सीवीडी में दीवार बनाने का काम चल रहा है। यहां काम करने वाले 12 मजदूर परिवार पास ही झुग्गी बनाकर रह रहे हैं।
उसने बताया कि निर्माण स्थल पर ठेकेदार नवीन भारद्वाज ने पानी के लिए 18 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा एक टैंक बनवाया हुआ है। टैंक में ढक्कन नहीं लगा है। 13 जून की शाम अमित घर के सामने खेलते हुए गायब हो गया। काफी तलाश करने के बाद रात में वह पानी के टैंक में अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।