Fire in Delhi: रोहिणी के पूठकलां इलाके में तीन मंजिला इमारत में लगी आग, एक युवक की मौत, आठ लोग सुरक्षित बाहर निकाले
रोहिणी के पूठकलां इलाके में स्थित एक तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। इमारत के भूतल में बनी जूते की दुकान की वजह से आग देखते ही देखते बेसमेंट और पहली मंजिल तक फैल गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंचीं दमकल की दस गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोहिणी जिला के मांगेराम पार्क स्थित पूठकलां इलाके में गुरुवार शाम तीन मंजिला इमारत के भूतल पर बने जूते की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग बेसमेंट और पहली मंजिल तक फैल गई और इमारत को चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी, पुलिस और राहत बचाव दल ने इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन धुएं की चपेट में आने से भूतल पर एक युवक की दम घुटने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची दमकल की दस गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मियों ने पौने तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। शुरूआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। पुलिस आग लगने और इससे हुए नुकसान का आकलन कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अजय (25) के रूप में हुई है। वह दुकान में काम करता था। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि विभाग को गुरुवार शाम करीब चार बजे पूठकलां श्मशान घाट के पास एक इमारत में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय पुलिस के अलावा एंबुलेंस और बचाव टीम मौके पर पहुंच चुकी थी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने देखा कि आग ने पूरी इमारत को अपनी जद में ले लिया है। इसके बाद छह और गाड़ियों को मौके पर बुलाया लिया गया। इस बीच दमकल कर्मियों ने इमारत की ऊपरी मंजिल में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। धुएं की वजह से एक महिला को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। बचाव कार्य के दौरान भूतल स्थित दुकान में अजय अचेत अवस्था में मिला। जिसे पास के अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करीब पौने सात बजे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड और तीन मंजिल हैं। आग इमारत के भूतल पर स्थित एक दुकान में लगी थी। इसके बाद आग बेसमेंट और पहली मंजिल पर फैल गई। आग की लपटें और धुंआ ऊपर की मंजिल तक पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि इमारत के बेसमेंट, भूतल और पहली मंजिल पर जूते बनाने का काम होता था, जबकि ऊपर की मंजिलों पर लोग रहते हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्लास्टिक और जूते के सोल होने की वजह से आग ने भयावह रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद अजय उसे बुझाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह धुएं के चपेट में आकर बेहोश हो गया। पुलिस ने भी बताया कि अजय की मौत दम घुटने से हुई है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आग लगने के कारणों का खुलासा होने के बाद इस बाबत मामला दर्ज किया जाएगा और दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुंडका अग्निकांड मामला : चार और शवों की पहचान हुई
इसके आधार पर सोनी कुमारी, मोनिका, रंजू देवी और प्रवीण के डीएनए प्रोफाइल का मिलान उसके परिवार वालों के डीएनए प्रोफाइल से हो गया। इस बात की जानकारी चारों के परिवार वालों को दे दी गई है और बृहस्पतिवार को उनके शव परिवार वालों के हवाले कर दिए गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिवार के पहचान करने के बाद रंजू देवी का शव उनके परिवार वालों को सौंप दिया गया था, लेकिन रंजू देवी का डीएनए प्रोफाइल उनके परिवार वालों के डीएनए प्रोफाइल से नहीं मिल सका था। ब्यूरो