भाजपा पार्षद के भतीजे से नौ लाख की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साहिबाबाद से भाजपा पार्षद सरदार सिंह भाटी के शालीमार गार्डन स्थित ऑफिस से चंद कदमों की दूरी पर शनिवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने गनप्वाइंट पर उनके प्रॉपर्टी डीलर भतीजे से नौ लाख रुपये लूट लिए।
किसी को पेमेंट करने के लिए वह बैंक से रुपये निकालकर ला रहे थे। पीड़ित जब तक कुछ समझता बदमाश तमंचा लहराते हुए शालीमार गार्डन की गलियों में गायब हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
शालीमार गार्डन के पार्षद सरदार सिंह भाटी का भतीजा हरीश जवाहर पार्क में अपने परिवार के साथ रहता है। शनिवार को अपने छोटे भाई ललित के साथ अपनी स्कॉर्पियो कार से दिलशाद गार्डन स्थित कॉरपोरेशन बैंक से नौ लाख रुपये निकालकर लौट रहा था।
विरोध किया तो तान दी पिस्तौल
शालीमार गार्डन स्थित पार्षद के ऑफिस के पास पहुंचकर हरीश रुपयों से भरा बैग लेकर नीचे उतरे और ललित गली में गाड़ी पार्क करने लगा। हरीश ऑफिस की ओर बढ़ ही रहे थे तभी काली बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनसे बैग लूटने का प्रयास किया।
उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया और बैग लूटकर फरार हो गए। हरीश ने बताया कि उन्हें किसी को रुपये की पेमेंट करनी थी, जिसके लिए वह नौ लाख रुपये निकालकर लाए थे।
एसपी सिटी शिवहरि, एसएचओ और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। एसपी सिटी ने बताया कि नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
बैंक से पीछा कर रहे थे बदमाश
पार्षद के जिस ऑफिस पर हरीश आए थे पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पार्षद ऑफिस के अलावा जिस रूट से बदमाश भागे उस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। हरीश के अनुसार बदमाशों की उम्र 25-30 साल के बीच थी।
पुलिस को शक है कि बदमाश दिलशाद गार्डन स्थित बैंक से ही हरीश का पीछा कर रहे थे। दरअसल दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहना था। ऐसे में साफ है कि दोनों दिल्ली से ही उनके पीछे लग गए थे। गली में हरीश को अकेला पाकर उन्होंने लूट को अंजाम दिया।
लूटपाट के हाल ही के कुछ मामले
9 जुलाई 2014: लिंक रोड पर बैटरी डिस्ट्रीब्यूटर के सेल्स ब्वॉय से 4.5 लाख लूटे
7 जुलाई 2014: वैशाली सेक्टर-2 स्थित पीएनबी के बाहर दंपति से एक लाख तीस हजार की लूट।
02 जून 2014: राधेश्याम पार्क में बैंक ऑफ इंडिया के सामने साढ़े बारह लाख की लूट।
25 मई 2014: वसुंधरा सेक्टर-16 मदर डेयरी के पास मारुति के डायरेक्टर से गनप्वाइंट पर लूट
5 अप्रैल 2014: शक्ति खंड में दिनदहाड़े कैश कलेक्शन वैन के स्टाफ की आंखों में मिर्च झोंककर 14 लाख रुपये लूटे