Covide-19: नोएडा में कोरोना ने दी दस्तक, 55 साल की महिला मिली पॉजिटिव; उज्जैन महाकालेश्वर से लौटी थी घर
गौतमबुद्ध नगर में 55 वर्षीय महिला में कोविड की पुष्टि हुई है। महिला ने बताया कि कोल्डड्रिंक पीने के बाद से गले में दर्द बढ़ गया है। इसके बाद अस्पताल की ओर से आरटीपीसीआर जांच की गई, जिसमें कोविड की पुष्टि हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच गौतमबुद्ध नगर में 55 वर्षीय महिला में कोविड की पुष्टि हुई है। महिला की हालत ठीक है, ऐसे में महिला को घर पर ही आइसोलेट किया गया है। महिला की ट्रैवल हिस्ट्री भी सामने आई है, जिसमें पता चला है 14 मई को वह उज्जैन महाकालेश्वर गई थी। महिला के घर में उनके पति और एक मेड रहते हैं। यह दोनों एसिंप्टोमेटिक हैं, इसलिए अभी इनकी जांच नहीं की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इससे पहले मई 2024 में एक कोविड का मरीज सामने आया था। सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि सेक्टर-110 निवासी 55 वर्षीय महिला गले में दर्द की समस्या लेकर मैक्स अस्पताल गई थी। महिला ने बताया कि कोल्डड्रिंक पीने के बाद से गले में दर्द बढ़ गया है। इसके बाद अस्पताल की ओर से आरटीपीसीआर जांच की गई, जिसमें कोविड की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर अस्पताल की ओर से हमें सूचित किया गया है।
नोडल अधिकारी डॉ. टीकम सिंह ने बताया कि ट्रैवल हिस्ट्री के मुताबिक महिला 14 मई को उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए गई थी। हालांकि अभी घर वालों को इस तरह की कोई समस्या नहीं दिखाई दे रही है। इसलिए घर के अन्य सदस्यों की जांच नहीं की गई है। यदि उनमें भी कोई लक्षण नजर आते हैं तो तुरंत जांच की जाएगी।
दिल्ली में कोरोना के 23 मामले आए सामने
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ कोविड-19 की मौजूदा स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की। दिल्ली में गुरुवार तक कोविड के 23 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। सरकार कोविड के वर्तमान पुष्ट मामलों के सत्यापन की प्रक्रिया में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह मरीज दिल्ली के हैं या बाहर से यात्रा कर आए हैं। बता दें कि एनसीआर में अब तक नौ संक्रमितों की जानकारी सामने आ चुकी है। इसमें गाजियाबाद में चार, गुरुग्राम में तीन और फरीदाबाद में दो संक्रमित हैं।
गाजियाबाद में चार मरीज मिले
जिले में कोरोना के चार मरीज मिले हैं। इसमें से एक मरीज का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी तीन मरीजों का होम आइसोलेशन में ही इलाज किया जा रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि कौशांबी निवासी एक दंपति हाल में बंगलुरू घूमने गया था। सर्दी-खांसी होने के बाद जांच कराने पर कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
गुरुग्राम में तीन मरीज कोरोना की चपेट में
साइबर सिटी में आज कोरोना के एक और नए मरीज की पुष्टि हो गई है। व्यक्ति वजीराबाद का रहने वाला है। व्यक्ति की आयु 45 वर्ष बताई जा रही है। पूरी तरह से वैक्सीनेटेड है। अब शहर में कोरोना के तीन मरीज हो गए हैं। पहले दो लोगों में पुष्टि हुई थी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। करीब 28 माह बाद साइबर सिटी में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दे दी। बीते तीन दिनों के भीतर दो नए संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति शामिल हैं। दोनों संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। विभाग दोनों मरीजों पर नजर रख रहा है।
फरीदाबाद में दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले
फरीदाबाद में आज एक और कोरोना से संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। इससे पहले बीते दिन गुरुवार को फरीदाबाद जिले में कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया था। जबकि बीके अस्पताल में कोविड जांच की सुविधा ही फिलहाल उपलब्ध नहीं है। जबकि ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में ये सुविधा उपलब्ध है। ईएसआईसी प्रबंधन का दावा है कि सरकार के आदेश आने पर तुरंत प्रभाव से वहां आइसोलेशन वार्ड भी शुरू कर दिया जाएगा। बीके अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने कोविड जांच के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराने के लिए आला अधिकारियों को पत्र लिख दिया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.