{"_id":"39b26dee0d9bf3efa5e2f0b7e99d6919","slug":"16-hours-of-electricity-in-2016-villages-will-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":" 2016 में गांवों को मिलेगी 16 घंटे बिजली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
2016 में गांवों को मिलेगी 16 घंटे बिजली
अमर उजाला, मुरादनगर
Updated Mon, 06 Apr 2015 01:03 PM IST
विज्ञापन
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि शहरों की तर्ज पर गांवों का विकास होगा और 2016 तक शहरों में 22 तथा गांवों को 16 घंटे बिजली दी जाएगी। सपा सरकार जब भी सत्ता में आती है तो वह गांव और गरीब किसानों से ही अपनी विकास की यात्रा शुरू करती है।
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव रविवार को मोरटा ग्राम स्थित सेनफोर्ट इंटरनेशनल स्कूल का उद्घाटन करने के बाद स्कूल परिसर में ही आयोजित सर्व समाज एकता महासम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ा दान है, जो समाज पढ़ा लिखा होता है वह तरक्की करता है।
विज्ञापन
सपा सरकार ने बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की है। साथ ही बच्चों को लैपटॉप का वितरण कर गांवों को भी नई संचार क्रांति से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण फसलों को हुए नुकसान की दो दिन में अधिकारियों से आख्या मांगी गई है। शीघ्र ही किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
विज्ञापन
इसके लिए 200 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है। किसानों को गन्ना भुगतान दिलाने के लिए भी सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों से बहुत से वादे किए थे। मगर गन्ना मूल्य भुगतान में केंद्र सरकार प्रदेश सरकार को सहयोग नहीं दे रही है।
सपा सरकार चाहती है कि भूमि अधिग्रहण का सीधा फायदा किसानों को मिले, मगर केंद्र सरकार बिचौलियों को लाभ पहुंचाना चाहती है। किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं की जाएगी।
राज्य महिला आयोग की सदस्या राजदेवी चौधरी, प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन, महानगर अध्यक्ष धर्मवीर डबास, मधु चौधरी, नंद किशोर यादव आदि ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में सपा नेता दुष्यंत त्यागी सभी का आभार व्यक्त किया।