यहां डिग्री से पहले ही मिला 12 लाख का पैकेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) में बीटेक, एमटेक व एमसीए प्रोग्राम की कुल 396 छात्राओं को डिग्री से पहले लगभग 12 लाख रुपये तक का पैकेज प्लेसमेंट में ऑफर हुआ है।
इसमें से 12 छात्राएं इंटर्नशिप की भी हैं। कैंपस में प्लेसमेंट अभी जारी है। कश्मीरी गेट स्थित आईजीडीटीयूडब्ल्यू में वर्ष 2014 जाते-जाते प्लेसमेंट में छात्राओं को छप्पर फाड़ नौकरी संग पैकेज का तोहफा देकर जा रहा है।
महज पांच महीनों में छात्राओं को सबसे अधिक संख्या में प्लेसमेंट मिली है, जिसमें विश्वविद्यालय का रिकार्ड भी टूटा है। बीटेक, एमटेक समेत एमसीए प्रोग्राम की छात्राओं को प्लेसमेंट में नौकरी मिलने के साथ-साथ दूसरे व तीसरे सेमेस्टर की छात्राओं को इंटर्नशिप का मौका भी मिला है।
इस बारे में आईजीडीटीयूडब्ल्यू के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर, डॉ. अजय सिंघोली ने बताया कि कुल 396 छात्राओं को नौकरी संग इंटर्नशिप करने का मौका मिला है। खास बात यह है कि पहली बार आने वाली कंपनियों ने नौकरी के लिए 12 लाख रुपये सालाना का पैकेज ऑफर किया है। जबकि इंटर्नशिप में भी अच्छा पैकेज मिला है।
ई-मेल से मिलेगा परीक्षा का अपडेट
एआईपीएमटी तथा जेईई की तैयारी कर रहे सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें एग्जाम अपडेट्स के लिए स्कूल तथा अध्यापक के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पडे़गी। सीबीएसई ने घर बैठे ई-मेल के जरिए विद्यार्थियों को एग्जाम अपडेट्स मुहैया कराने का निर्णय लिया है।
सीबीएसई के अधिकारियों के मुताबिक संबंधित सभी स्कूलों से 10वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की सभी प्रकार की जानकारी मांगी गई है। जिसमें उनके फोन और मोबाइल नंबर तथा ई-मेल आईडी शामिल है। विशेषज्ञों की मानें तो इस योजना का मुख्य उद्देश्य उपरोक्त परीक्षाओं में होने वाले बदलाव तथा उसके पाठ्यक्रम के अपडेट होने से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों को मुहैया कराना है।
10वीं कक्षा से ही विद्यार्थी प्रतियोगिता की तैयारी में जुट जाते हैं। कई बार पाठ्यक्रम में बदलाव संबंधी जानकारी न होने पर भी वे पुराने पैटर्न के हिसाब से तैयारी में लगे रहते हैं। अगर उनके पास परीक्षाओं से संबंधित अपडेट्स होंगे तो वे बेहतर तरीके से तैयारी कर पाएंगे।
इसलिए पड़ी जरूरत
पहले प्रवेश परीक्षाओं से संबंधित जानकारी स्कूल प्रिंसिपल को भेजी जाती रही है। जबकि पाठ्यक्रम में बदलाव की जानकारी संबंधित विषयों के टीचर्स को दी जाती रही है। कई जगहों पर विद्यार्थियों को सही समय पर पूरी जानकारी नहीं मिल पाई, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। इसीलिए सीबीएसई ने यह कदम उठाया है।
पंचकूला जोन के सीबीएसई, क्षेत्रीय अधिकारी, आरजे खांडेराव ने कहा कि स्कूल प्रिंसिपल से विद्यार्थियों की डिटेल (ई-मेल आईडी तथा मोबाइल नंबर इत्यादि) बोर्ड में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें एआईपीएमटी तथा जेईई से संबंधित जानकारी सीधे मुहैया कराई जा सकें। योजना शुरू होने पर उपरोक्त एग्जाम की तैयारी कर रहे विद्यार्थी अपडेट रहेंगे।