नोएडा में डॉक्टर और नर्स समेत 12 की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव, 92 पहुंचा आंकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा में एक डॉक्टर और नर्स समेत 12 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित नर्स क्वारंटीन वार्ड में ड्यूटी कर रही थी। इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 92 पहुंच गया है। इनमें से 26 मरीज अब तक ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं, जैसे-जैसे मरीजों का आंकड़ा बढ़ रहा है, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के सैंपल लेना भी तेज कर दिया है। गुरुवार को विभाग ने 317 लोगों के सैंपल लिए हैं। ये अब तक के एक दिन में लिए गए सबसे ज्यादा नमूने हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि सेक्टर-20 निवासी एक डॉक्टर में वायरस की पुष्टि हुई है। यह दिल्ली स्थित एक अस्पताल में काम करते हैं। डॉक्टर ने निजी लैब में जांच कराई थी। वह दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। सेक्टर-39 स्थित नए जिला अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर में मरीज के संपर्क में आकर एक नर्स संक्रमित हुई है। वह ग्रेटर नोएडा स्थित गामा वन में रहती है। वहीं, पांच मरीज सेक्टर-93ए एल्डिको सोसाइटी निवासी हैं। परिवार की तीन महिलाओं और दो पुरुषों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। परिवार का एक युवक दिल्ली में मां के उपचार के दौरान संक्रमित हुआ था। कुछ दिनों पहले उसमें वायरस की पुष्टि हो चुकी है और उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, चार लोग सेक्टर-50 में रहने वाले हैं। इनमें दो महिलाएं और दो पुरुष हैं। इस परिवार का एक युवक करीब 15 दिन पहले स्कॉटलैंड से लौटकर आया था। हालांकि, उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। जबकि परिवार का एक सदस्य पूर्व में कोरोना से संक्रमित पाया गया है। माना जा रहा है कि उसी से संक्रमण इनमें पहुंचा है। नोएडा सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन में एक तीन साल के बच्चे की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले उसके माता-पिता भी वायरस संक्रमित हो चुके हैं। दंपती में संक्रमण का कारण सीजफायर कंपनी है। इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।
24 घंटे में मिली 150 रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे में 150 सैंपलों की रिपोर्ट मिली है। इसमें सरकारी लैब से 11 की पॉजिटिव रिपोर्ट मिली है। वहीं, एक पॉजिटिव रिपोर्ट निजी लैब से मिली है। विभाग अब तक कुल 1912 लोगों के सैंपल ले चुका है और 1369 को निगरानी में रखा है। अलग-अलग क्वारंटीन सेंटर में 683 लोगों को रखा गया है।
एक दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा की स्क्रीनिंग
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम कई दिनों से हॉटस्पॉट में स्क्रीनिंग अभियान चला रही है। वहीं, जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में 3808 टीमें हॉटस्पॉट और इसके तीन किमी की परिधि में बने घरों में जाकर स्क्रीनिंग कर रही हैं। इन टीमों ने गुरुवार को 48,308 घरों में 1,57,749 लोगों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान 1059 लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री मिली है। इनको निगरानी में रखा गया है। अब तक 3,58,848 घरों में 11,49,588 लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है।