सड़क किनारे मिला लावारिस बक्सा, खोला तो अंदर थी महिला और नवजात की लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी सीमा से लगी सड़क किनारे एक बंद बक्सा था। राहगीरों ने जब बक्से को खोला तो उनकी आंखे फटी रह गई। बक्से के अंदर एक महिला और नवजात की लाश थी।
सोमवार सुबह करतारपुर रोड स्थित हरिनगर गांव में सड़क किनारे कुछ राहगीरों ने लावारिस बक्सा पड़ा होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। बक्से से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना पर कोतवाल तुषार बोरा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बक्से का ताला तुड़वाया तो उसमें महिला का शव रखा था।
उसके साथ ही नवजात शिशु भी था, जो प्रसव के बाद नाल से जुड़ा हुआ था। कोतवाल ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त करवाई, लेकिन मृतका का चेहरा गल चुका है, जिससे पहचान नहीं हो सकी। पुलिस शव की शिनाख्त के लिए यूपी पुलिस की मदद भी ले रही है। तीन दिन तक शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस सैंपल रखकर दाहसंस्कार करा देगी।
शादीशुदा हिंदू महिला का है शव
शव देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला शादीशुदा है और हिंदू धर्म की है। वह पैरों के अंगूठों में बिछुवा पहने है। नवजात बालक है। ऐसे में बेटी के जन्म के बाद महिला की हत्या करने का अंदेशा भी नहीं लगाया जा सकता। इसलिए पुलिस हर पहलू को सामने रखकर जांच पड़ताल में जुटी है।
यूपी की सीमा के पास बक्सा मिलने से पुलिस इस बात का अंदेशा लगा रही है कि महिला के शव को यूपी से लाकर उत्तराखंड की सीमा में डाला गया होगा। घटनास्थल से यूपी (जिला रामपुर) की सीमा मात्र 100 मीटर दूरी पर है। कई बार पुलिस से बचने के लिए हत्या के बाद शव को सीमा से बाहर दूसरे क्षेत्र में डाल दिया जाता है।
पुलिस के सामने सबसे पहली चुनौती शव की शिनाख्त कराना है। इसके लिए क्षेत्र से लापता हुई महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। लाश किसी लापता महिला की भी हो सकती है। शिनाख्त होते ही घटना से जुड़े तमाम रहस्यों से पर्दा उठता चला जाएगा।