यहां पत्नियां दे रहीं इंटरव्यू, पति संभाल रहे बच्चे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में डिग्री कॉलेजों में गेस्ट टीचरों की भर्ती के लिए भी मारामारी है। कई महिलाएं तो दुधमुहे बच्चों को लेकर इंटरव्यू देने के लिए आई थी।
महिलाएं चयन कमेटी के समक्ष इंटरव्यू दे रहीं थी तो पति निदेशालय के परिसर में बच्चों को संभाल रहे थे। कई लोगों के तो बच्चों को संभालने में पसीने छूट गए। यह नजारा था बुधवार को हल्द्वानी स्थित उच्चशिक्षा निदेशालय परिसर का।
प्रदेश के डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों को गेस्ट फैकल्टी से भरने के लिए उच्चशिक्षा निदेशालय में अभ्यर्थियों के इंटरव्यू चल रहे हैं। बुधवार को तीसरे दिन जूलॉजी और बॉटनी विषय के अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। सुबह नौ बजे दफ्तर खुलने से पहले ही दर्जनों अभ्यर्थी इंटरव्यू देने के लिए निदेशालय दफ्तर के परिसर में जमा हो गए थे।
इनमें छह विवाहित महिला अभ्यर्थी भी थीं। उनके साथ छोटे बच्चे भी आए थे। जब इंटरव्यू के लिए महिला अभ्यर्थी चयन कमेटी के समक्ष निदेशालय सभागार में जा रहीं थी तो उनके साथ आए पति या अन्य परिजन बच्चों को संभाल रहे थे।
जूलॉजी में 34 अभ्यर्थियों ने दिया इंटरव्यू
देहरादून क्षेत्र से आई एक महिला अभ्यर्थी के पति तो बच्चे के रोने पर इतने परेशान हो उठे कि उन्होंने उसे गुस्से में आकर घास में छोड़ दिया।
बच्चा भी गोद से उतरते ही मैदान में खुश हो गया, तब जाकर महिला अभ्यर्थी के पति ने राहत की सांस ली। चयन कमेटी में उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपति प्रो. सुभाष धूलिया, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. यूएस रावत, उच्चशिक्षा के प्रभारी निदेशक डॉ. बीसी मेलकानी, महिला कालेज के प्राचार्य डॉ. जीएस बिष्ट आदि ने इंटरव्यू लिया।
पहले चरण में जूलॉजी विषय के 37 पदों के लिए इंटरव्यू हुए। इन पदों के लिए कुल 106 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था जिसमें से 46 अभ्यर्थियों को योग्यता के आधार पर इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया गया था। अपराह्न ढाई बजे तक चली इंटरव्यू प्रक्रिया में 46 में से केवल 34 अभ्यर्थी चयन कमेटी के समक्ष पहुंचे जबकि 12 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे।
बॉटनी में 10 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
अपराह्न तीन बजे से बॉटनी विषय के 36 पदों के लिए 160 आवेदकों में से केवल 63 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था। रात आठ बजे तक चले इस विषय के इंटरव्यू में 10 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नोडल अधिकारी एवं सहायक निदेशक डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि यूजीसी के मानकों पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को ही इंटरव्यू में आमंत्रित किया जा रहा है।