त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: जिला पंचायत अध्यक्ष सीट के लिए जल्द निर्धारित होगा आरक्षण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत अध्यक्ष सीट के लिए जल्द आरक्षण निर्धारित किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। शासन ने निदेशक पंचायती राज विभाग से जिपं अध्यक्ष पद का आरक्षण प्रस्ताव मांगा है।
प्रदेश में तीन चरणों में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत प्रधान, सदस्य, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए आरक्षण चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले निर्धारित कर दिया था।
लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण तय नहीं हुआ था। प्रदेश में हरिद्वार को छोड़कर 12 जिलों में जिपं अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहे हैं। अध्यक्ष पद का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से होता है।
जिसमें निर्वाचित जिपं सदस्य ही अध्यक्ष को चुनते हैं। जिपं अध्यक्ष सीट के लिए आरक्षण निर्धारित करने के लिए शासन ने निदेशक पंचायती राज से प्रस्ताव मांगा है। इसके बाद शासन स्तर पर प्रस्ताव को स्वीकृति देकर राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा।
माना जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर जिपं अध्यक्ष पद के आरक्षण की अधिसूचना जारी हो सकती है। उधर, अपर सचिव एवं निदेशक पंचायती राज हरिचंद्र सेमवाल का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के आरक्षण की प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र ही प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।