उत्तराखंड: पत्नी की हत्या कर फंदे से लटका दिया था शव, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
18 सितंबर को राजस्व उपनिरीक्षक सुनील सिंह ने थाना पैठाणी में सूचना दी थी कि ग्राम खंडखिल में पुष्कर सिंह रावत की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में पौड़ी के पैठाणी थानाक्षेत्र के खंडखिल गांव निवासी महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या कर दी थी। बाद में उसने इसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश भी रची।
18 सितंबर को राजस्व उपनिरीक्षक सुनील सिंह ने थाना पैठाणी में सूचना दी थी कि ग्राम खंडखिल में पुष्कर सिंह रावत की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस के अनुसार महिला के गले पर फंदे का निशान था और शरीर पर किसी और चोट का निशान नहीं था।
अगले दिन फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह ने बताया कि 19 सितंबर को महिला के भाई विनोद सिंह चौहान ने जीजा पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी पौड़ी पी रेणुका देवी ने मामले में सभी पहलुओं पर जांच के निर्देश दिए थे। बताया कि जांच में पति से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद में पति ने चुन्नी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी थी और बाद में उसका शव फंदे से लटका दिया था। इसके बाद आरोपी ने पड़ोसियों और रिश्तेदार को सूचना दी कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में उसने हत्या का बात कबूल कर ली।
मारपीट में घायल किशोर ने अस्पताल में तोड़ा दम
मंगलौर में मारपीट में गंभीर रूप से घायल किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस अब हत्या की कोशिश के मामले को हत्या में तरमीम करने की तैयारी कर रही है। साथ ही हमलावरों की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के वसंत विहार निवासी उपेंद्र मलिक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह जल संस्थान में ठेकेदारी करते हैं। उनके साथ भतीजा निखिल (17) भी रहता था। 13 सितंबर को दोपहर में एक अन्य ठेकेदार अरविंद से उनके भतीजे की कहासुनी हो गई थी। शाम को अरविंद ने अपने लेबर के साथ मिलकर कमरे में सो रहे भतीजे पर हमला कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गंभीर हालत में उसे रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अरविंद और कई अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया था। रविवार देर शाम निखिल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार को परिजनों ने पुलिस से मिलकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। प्रशिक्षु सीओ ओसिन जोशी ने बताया कि मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम करने की तैयारी की जा रही है।