तरुण विजय बोले, हमला सुनियोजित था लेकिन गांव वाले निर्दोष
- सांसद ने क्षेत्रवासियों को दी क्लीन चिट
- कहा- कुछ षड्यंत्रकारियों ने किया माहौल खराब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चकराता में दलितों को मंदिर में प्रवेश कराने के दौरान ग्रामीणों के हमले में घायल सांसद तरुण विजय ने घटना के लिए कुछ अराजक तत्वों को दोषी ठहराते हुए क्षेत्रवासियों को क्लीन चिट दी है। साथ ही सांसद ने वहां के हालात भयावह बताते हुए त्यूणी में थाना खोलने की मांग की है।
मैक्स अस्पताल में भर्ती तरुण विजय ने अपने संदेश में कहा कि समाज को सुदृढ़ करने के कार्य में स्वार्थवश या राजनीतिक कारणों से कुछ लोग विवाद उत्पन्न करने लगते हैं। ग्रामीण लोग अत्यंत सरल होते हैं, ऐसे में ये अराजक तत्व उन्हें ढाल बनाकर विवाद खड़ा करते हैं।
सांसद ने कहा कि वहां के लोगों ने उन्हें और दलित साथियों को देवडोली के प्रांगण तक जाने दिया। एक पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत कुछ लोगों ने नारेबाजी कर तनाव पैदा किया और ग्रामीणों के बीच से पथराव कर दिया।
सीएम से की थाना खोलने की मांग
सांसद तरुण विजय ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थानीय समाज के प्रति उनके मन में आदर और स्नेह है। हमारा प्रयास है कि समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बढ़े।
इसलिए जहां समाज को खुद सुदृढ़ होना होगा, वहीं शासन प्रशासन को भी प्रभावी कदम उठाने होंगे। सांसद ने बताया कि अस्पताल में कुशलक्षेम पूछने आए मुख्यमंत्री हरीश रावत से उन्होंने अनुरोध किया कि त्यूणी में तुरंत थाना खोला जाए। ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।