हरिद्वार: स्कूल की दीवार गिरी, 12 बच्चे घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के पिरान कलियर में एक स्कूल की दीवार गिरने और टीनशेड उड़ जाने के कारण 12 स्कूली बच्चे घायल हो गए। सभी बच्चों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। घटना के अगले दिन शनिवार को बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया।
शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे तेज हवाओं के साथ आई बारिश के दौरान क्षेत्र के रहमतपुर गांव स्थित रामतीर्थ पब्लिक हाईस्कूल के कमरों पर लगी टीनशेड उड़ गया और दीवार गिर गई जिससे कक्षा में पढ़ रहे सावन, अजरा, कनक, हिमांशी, इलमा, कशिश, मधु और विसाजा सहित करीब एक दर्जन बच्चे घायल हो गए। इस दौरान एक छात्रा मधु बेहोश हो गई।
बताया गया है कि जिन कमरों के ऊपर टीनशेड डाला गया था। उन कमरों की दीवारें मात्र तीन इंच मोटाई की थी। जिसके चलते दीवार गिर गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सभी बच्चों का उपचार कराया गया है। हादसे के दौरान टीनशेड लगे दो बड़े कमरों में करीब 200 बच्चे पढ़ रहे थे। स्कूल में कुछ कमरे पक्के भी बने हैं।
हाईटेंशन लाइन से हो सकता था बड़ा हादसा
तेज हवाओं के दौरान स्कूल की छत से उड़ी एक टीनशेड पड़ोस के घर में जाकर गिरी। इसी स्कूल की बिल्डिंग के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। ऐसे में यदि इस लाइन से टीनशेड छू जाती तो इसके परिणाम गंभीर हो सकते थे। ऐसे में हाईटेंशन के नीचे बनाए गए स्कूल के भवन को स्वीकृति प्रदान किए जाने को लेकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान उठ रहे हैं।
डर के कारण कई बच्चे नहीं पहुंचे स्कूल
एक दिन पहले स्कूल में हुए हादसे से बच्चों में डर का माहौल है। जिसके चलते शनिवार को 50 बच्चे स्कूल नहीं पहुंचे। अभिभावकों का कहना था कि तूफान के साथ दीवार गिरने से बच्चों के मन में दहशत है।
बोले अधिकारी
स्कूल के हुए हादसे के बारे में मुझे जानकारी नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो चिंता का विषय है और इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. मुकुल चंद सती, मुख्य शिक्षा अधिकारी