बलूनी आत्महत्याः रेलवे ने भी शुरू की जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेलवे के सीनियर ट्रैफिक इंस्पेक्टर (पार्सल सेक्शन) सुनील कुमार बलूनी की खुदकुशी के बाद रेलवे प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को रेलवे के कई उच्चाधिकारियों ने जनशताब्दी के गार्ड और पार्सल कर्मचारियों से गहन पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, पार्सलों के खेल को जानने के लिए अब अधिकारी सभी ट्रेनों के कर्मचारियों से पूछताछ करेंगे। पूरे मामले की तह तक जाने के लिए रेलवे ने उच्च स्तरीय कमेटी का भी गठन किया है।
बलूनी की मौत रेलवे में फैले भ्रष्टाचार की भी पोल खोल रही है। रविवार को अधिकारियों की टीम ने जनशताब्दी एक्सप्रेस के सभी गार्ड और अन्य कर्मचारियों से लंबी पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों से पूछा गया कि कैसे माल सप्लाई किया जा रहा है।
इसके साथ ही बिना कागजों के माल आने पर कहां से दबाव आता है और दलाल कैसे माल को पार करते हैं। सूत्रों के अनुसार, टीम अब सोमवार को दून आने वाली सभी ट्रेनों के स्टाफ से भी पूछताछ करेगी।
पुलिस ने झाड़ा जांच से पल्ला, CBI को सौंपे दस्तावेज
मुख्यमंत्री की सीबीआई जांच की संस्तुति को पुलिस ने शायद आदेश मान लिया है। पुलिस ने शनिवार को ही आननफानन में मामले से संबंधित दस्तावेज सीबीआई कार्यालय में जमा कर दिए।
इसके साथ ही इस मामले की जांच बंद कर दी है। जबकि इस मामले में सीबीआई जांच होगी या नहीं, इसका फैसला होना बाकी है। इसमें अभी कई सप्ताह लग सकते हैं।
विवेचना अधिकारी प्रदीप रावत ने बताया कि शनिवार को ही जांच से संबंधी दस्तावेज सीबीआई को सौंप दिए गए थे। उधर, जानकारों का कहना है कि सिर्फ संस्तुति पर सीबीआई किसी मामले की जांच हाथ में नहीं ले सकती। इसके लिए सीबीआई मुख्यालय से मंजूरी जरूरी है।
शिवसेना ने किया प्रदर्शन
रविवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं ने नेहरू कालोनी थाने में प्रदर्शन कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। सीओ नेहरूकालोनी ने उन्हें ठोस सबूत मिलने के बाद गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में जिला प्रमुख आशीष सिंघल, राहुल चौहान, अमर अहूजा, नितिन कुमार, रजनीश गर्ग, मनोज वोहरा आदि शामिल रहे।