भारतीय छात्रों ने बनाई सोशल साइट, फेसबुक को भी छोड़ेगी पीछे!
उत्तराखंड में 12वीं के तीन छात्रों ने एडवांस इंडियन सोशल साइट बनाकर नया कारनामा किया है। इंडियन सोशल साइट में ऐसे एडवांस फीचर हैं जो फेसबुक को पीछे छोड़ देंगे।
रुद्रपुर के इन तीन छात्रों ने फेसबुक से भी एडवांस स्वदेशी सोशल नेटवर्किंग साइट बनाने में सफलता हासिल की है। हाय गाइज डॉटकॉम के नाम से बनाई गई इस साइट में लाइव चेटिंग, गाने और वीडियो सुनने की सुविधा भी है।
इस साइट के जरिए पीडीएफ फाइलें भी शेयर की जा सकती हैं। अन्य साइटों पर पीडीएफ फाइलें शेयर करना आसान नहीं होता।
सिंह कॉलोनी निवासी 12वीं के होनहार छात्र देवेंद्र राठौर ने अपने सहपाठी सिंह कॉलोनी निवासी मुकुल रावत और शांति विहार निवासी पंकज जोशी के सहयोग से चार साल की कड़ी मेहनत के बाद सोशल नेटवर्किंग साइट हाय गाइज डॉट कॉम तैयार की है।
युवाओं से स्वदेशी सोशल साइट चलाने का आह्वान
उनका दावा है कि यह देश में बनी पहली सोशल नेटवर्किंग साइट है। इसे गूगल में सर्च कर अपनी लॉग-इन आईडी बनाई जा सकती है। वर्तमान में अधिकांश लोग फेसबुक से जुड़े हुए हैं।
मगर वेबसाइट डेवलपर देवेंद्र बताते हैं कि हाय गाइज फेसबुक से एडवांस है। फेसबुक में सभी यूजर का बैकग्राउंड नीला-हरा ही रहता है, मगर इस साइट में मनपसंद बैकग्राउंड डाला जा सकता है। साइट से जुड़े होने पर ऑनलाइन चेटिंग की जा सकती है।
ऑडियो गानों के अलावा वीडियो गाने भी देखे व सुने जा सकते हैं। खुद का होम पेज तैयार करने, गेम डाउनलोड व लोकेशन सर्च की जा सकती है। देवेंद्र ने बताया कि इंटरनेट के अध्ययन के बाद ही उन्हें यह सफलता मिली है।
उनका कहना है कि अब उनका लक्ष्य पूरे देश के लोगों तक साइट की पहुंच बनाना है। उन्होंने युवाओं से स्वदेशी सोशल साइट चलाने का आह्वान किया है।