दर्दनाक हादसाः घर की दीवार ढही, दो बच्चों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी देहरादून नर्सरी में बने मकान की कच्ची दीवार ढहने से दो बच्चों की दबकर मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता और छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सोमवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे रिस्पना पुल के पास स्थित नर्सरी में हुआ। सूचना पर पहुंची नेहरू कॉलोनी पुलिस ने घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बच्चों के मां की हालत गंभीर बनी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक रिस्पना पुल के पास वीरेश की राखी नर्सरी है। यहां काम करने वाला शिफ्टर (मूल निवासी बदायूं) पत्नी और तीन बच्चों के साथ यहां कच्चे मकान में रहता है। सोमवार देर रात करीब 11.30 बजे अचानक मकान की कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई।
तो तेज बारिश बनी काल
हादसे के वक्त परिवार सोया हुआ था। सभी दीवार के मलबे के नीचे दब गए। चीख-पुकार मचने पर जब तक लोग सभी को मलबे से निकालते शिफ्टर की छह साल की बेटी शीतल और ढाई साल का बेटा अवनीश दम तोड़ चुके थे।
हादसे में शिफ्टर की बीवी ओमवती भी गंभीर घायल हो गई। शिफ्टर और एक अन्य बेटे राजाबाबू को भी चोटें आई।
मौके पर पहुंची नेहरू कॉलोनी पुलिस ने घायलों को तत्काल दून अस्पताल में दाखिल कराया, जहां ओमवती की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीवार के मलबे में कुल नौ लोग दबे थे, बाकी को मामूली चोट आई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कई दिनों की बारिश के चलते नर्सरी में बने मकान की कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी। हालांकि घर वालों को इसका अंदेशा नहीं था कि यह अचानक ढह सकती है।
बदायूं का रहने वाला शिफ्टर अपने पूरे परिवार के साथ इसी मकान में रह रहा था। सोमवार को बारिश के बाद दरकी दीवार देर रात अचानक ढह गई।