पिरान कलियर को 51 करोड़ देंगे रावत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री हरीश रावत से सोमवार को बड़ी संख्या में उलेमाओं ने भेंट कर उन्हें मुबारकबाद दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को राज्य के लिए मुबारक बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के चहुंमुखी विकास के साथ ही समाज में आपसी भाई चारा व अमनचैन और मजबूत होगा।
उलेमाओं ने हज समिति के कार्मिकों के वेतन भुगतान के साथ ही मदरसा बोर्ड में रिक्त पदों पर नियुक्त संविदा कार्मिकों की समस्याओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समाज के सर्वांगीण विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। हमारा प्रदेश कौमी गुलदस्ता है, हमारी सांझी गंगा-जमुनी संस्कृति है। उन्होंने उलेमाओं से कौम की तालीम पर ध्यान देने की अपेक्षा करते हुए कहा कि आज वही आगे हैं, जो शिक्षित एवं तकनीकि हुनरमंद हैं।
11 करोड़ रुपये की व्यवस्था
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिरान कलियर को टूरिस्ट सर्किट बनाने के लिए पूर्व में 11 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई थी। जिसे बढ़ाकर 51 करोड़ रुपये किये जाने का उन्होंने आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्भ मेले की तर्ज पर पिरान कलियर में भी अवस्थापना सुविधाओं को विकसित करने के लिए अलग से धनराशि की व्यवस्था के साथ ही गंगनहर पर एक और पुल बनाया जायेगा।
नि:शुल्क तीर्थाटन की सुविधा
उन्होंने कहा कि हिन्दू, मुस्लिम एवं अन्य धर्मों के बुजुर्गों को ख्वाजा साहब, वैष्णों देवी, रीठा साहब जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए नि:शुल्क तीर्थाटन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने सचिव अल्पसंख्यक कल्याण को हज समिति कार्मिकों को समय से वेतन भुगतान के साथ ही संविदा कार्मिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिये। उन्होंने हज समिति व मदरसा बोर्ड की अन्य समस्याओं के समाधान के भी निर्देश दिये।
इस अवसर पर हाजी मो. यामीन, मो. मुसरत अंसारी, हाजी सलीम खान, शहर काजी देहरादून मौलाना मो. असद काशमी, मो. अल्ताफ हुसैन, फुरकान अहमद, चौ. रईस अहमद, सैय्यद मो. काशिम, मो. शहनजर, डॉ. इकबाल, मो. नौशाद सहित बड़ी संख्या में उलेमा व अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।