फब्तियों से परेशान छात्राओं ने मनचलों के घेरकर डंडों से पीटा
रोज-रोज की फब्तियों से तंग आकर उत्तराखंड के त्यूनी स्थित बालिका आश्रम पद्धति विद्यालय लाखामंडल की छात्राओं ने मर्दानी बनकर मनचलों को जमकर सबक सिखाया।
एक मनचला तो मौका देखकर भाग निकला, लेकिन पकड़ में आए दो मनचलों की छात्राओं ने खूब धुनाई की। युवकों को पूरी रात चौकी में ही गुजारनी पड़ी। अगली सुबह मनचलों के माफी मांगने पर कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया गया। छात्राओं की दिलेरी का यह किस्सा मंगलवार को क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से खारसी गांव के तीन युवक अंधेरा होते ही आश्रम पद्धति विद्यालय के छात्रावास के करीब पहुंच जाते थे। यहां से वे छात्राओं पर फब्तियां कसने के साथ ही पत्थर भी फेंकते थे। मनचलों की इन करतूतों से छात्राएं काफी परेशान रहती थीं।
मौका पाकर एक युवक भागने में कामयाब
पानी सर के ऊपर से गुजरने लगा तो सोमवार की सुबह छात्राओं ने मनचलों को सबक सिखाने की ठानी। इसके लिए छात्राओं ने बाकायदा रणनीति तैयार की। छात्राओं ने खुद को कई ग्रुप में बांट लिया।
रात को छात्रावास के चारों ओर लाठी डंडों से लैस होकर छिप गईं और मनचलों के आने का इंतजार करने लगीं। रात करीब दस बजे तीनों मनचले वहां आ पहुंचे और सीटियां बजाने के साथ ही छात्रावास में पत्थर फेंकने लगे। मौका देखकर छात्राओं ने तीनों को घेरा लिया। इसी बीच मौका पाकर एक युवक भागने में कामयाब हो गया।
पकड़ में आए दो मनचलों की छात्राओं ने लाठी-डंडों से खूब धुनाई की। शोर होने पर आसपास के ग्रामीण भी वहां आ पहुंचे। उन्होंने भी मनचलों पर खूब हाथ साफ किए। जमकर धुनाई के बाद दोनों को राजस्व पुलिस को सौंप दिया गया। बाद में तीसरे युवक को भी चौकी बुलाकर छात्राओं ने सबक सिखाया।