भूकंप के झटकों के दौरान कुछ ऐसे थे दहशत के पल
दोपहर दो बजकर चालीस मिनट पर उत्तराखंड समेत पूरा उत्तर भारत एक के बाद एक भूकंप के झटकों से कांप उठा। राजधानी दून, रुद्रपुर, हरिद्वार सहित गढ़वाल के कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई इलाकों में घरों में दरारें आ गईं। हालांकि कई से जानी नुकसान की कोई खबर नहीं हैं।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 7.7 रिक्टर पैमाने की तीव्रता वाले भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में हिंदुकुश के नीचे था। भूकंप के झटके थमते ही लोगों ने फोन और एसएमएस के जरिए अपने दोस्तों और परिचितों से हाल चाल पूछना शुरु कर दिया। सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर भी भूकंप की चर्चा होती रही।
नहीं हुआ जान-माल का नुकसान
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों और भवनों से बाहर निकल आए। उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश, हिमाचल, मध्यप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस किए गए।
देहरादून में करीब आठ सेकेंड तक भूकंप का असर रहा। उधर, रुद्रप्रयाग में केदारघाटी, हरिद्वार के लक्सर में भी भूकंप के झटके महसूस किए। उत्तराखंड में कहीं से जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुख्य सचिव को सभी जिलों के जिलाधिकारियों से नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने यह जानकारी दी।