युवती बोली, 'नहीं हुआ बलात्कार, शादी करने के लिए लगाया था आरोप'
दो दिन पहले जिस युवती ने एक युवक पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था वह जब कोर्ट में पहुंची तो उसका बयान सुन सब हैरान रह गए। युवती ने मंगलवार कोर्ट के समक्ष कहा कि उसके साथ बलात्कार नहीं हुआ है। कहा कि वह युवक को पसंद करती थी। उससे शादी करना चाहती थी। इसलिए उसने यह आरोप लगाया ताकि वह उससे शादी कर ले।
शहर से सटे गांव में एक ग्रामीण के घर आसरा लेकर रह रही यूपी के रामपुर स्योहारा निवासी एक युवती ने रविवार को कोतवाली रुड़की पहुंचकर पुलिस को बताया था कि उसके साथ एक युवक ने बलात्कार किया है। युवक के खिलाफ युवती ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कोर्ट में युवती का बयान सुन सब हुए हैरान
मुकदमा दर्ज कराने के बाद युवती तबियत अचानक बिगड़ गई थी। जिसके चलते उसे सिविल अस्पताल लाया गया था। जहां से उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था।
मंगलवार को अस्पताल ने उसे छुट्टी दे दी। इसके बाद पुलिस उसे देहरादून से रुड़की लेकर आई। यहां पर पुलिस ने युवती को कोर्ट में पेश किया लेकिन सब लोग उस समय हैरान रह गए। जब उसने कोर्ट में कहा कि उसके साथ बलात्कार नहीं हुआ है।
युवक से करती थी प्यार
जिस युवक पर उसने बलात्कार का आरोप लगाया है वह उससे प्यार करती है और उसे शादी करना चाहती थी। इसी कारण उसने यह आरोप लगाया था। अब वह देहरादून में अपनी बुआ के पास जाना चाहती है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर युवती को उसकी बुआ के घर भिजवा दिया गया है। साथ ही कोर्ट में दिए गए बयानों के आधार पर बलात्कार के मुकदमें पर एफआर लगाई जा रही है।