स्कूल बस में छात्रा से छेड़छाड़, बचने के लिए बस से कूदी
उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र में स्कूल की मिनी बस में छठी कक्षा की छात्रा से चालक ने छेड़छाड़ कर दी। बचने के लिए छात्रा मिनी बस से कूद गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर गंगनहर कोतवाली में हंगामा किया। पुलिस ने घटनास्थल इकबालपुर का होने के चलते परिजनों को वहां भेज दिया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक पब्लिक स्कूल है। स्कूल में क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी छठी कक्षा में पढ़ती है। बृहस्पतिवार दोपहर स्कूल की मिनी बस छात्रों को लेकर निकली।
बताया गया है सभी बच्चों को बस से उनके स्टाप पर उतार दिया गया, लेकिन छठी की छात्रा को उसके गांव के स्टाप पर नहीं उतारा गया।
आरोप है स्टाप से आगे बस निकली तो चालक ने किशोरी से छेड़छाड़ शुरू कर दी। भयभीत छात्रा खताखेड़ी रेलवे फाटक के पास चलती बस से कूद गई। छात्रा को वाहन से नीचे गिरा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद छात्रा को उसके घर भेजा।
सीमा विवाद में उलझाती रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों का गुस्सा भड़क गया। बताया गया घटना के बाद काफी संख्या में लोग रुड़की पहुंचे और बीएसएम चौक के पास वाहन के चालक को पकड़ लिया और उसकी धुनाई की।
इसके बाद काफी संख्या में लोग गंगनहर कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाकर घटनास्थल इकबालपुर क्षेत्र का होने के चलते उन्हें वहां भेज दिया। देर शाम तक परिजन इकबालपुर चौकी में जमा थे। देर रात परिजनों ने छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास की तहरीर दी।
चलती बस से छात्रा के कूदने का मामला चार घंटे तक चला। पुलिस चार घंटे तक मामले को टरकाती रही। गंगनहर पुलिस ने पूरा मामला इकबालपुर पुलिस चौकी का बताते हुए उन्हें वहां भेज दिया। पुलिस यहां पर भी कार्रवाई कर सकती थी, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता को नहीं समझी।
इस बाबत एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल का कहना है इस मामले की जांच कराई जाएगी। यदि पुलिस के स्तर से इसमें लापरवाही हुई है तो कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।