मैरिज वेबसाइट पर मुलाकात, झांसा देकर महिला प्रोफेसर से ठगे 20 लाख
शादी डॉट काम के जरिये संपर्क में आए अफगानिस्तान के लड्डू कुमार ने दून की महिला प्रोफेसर से शादी का झांसा देकर 20 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने रकम भारत में फार्मेसी कंपनी खोलने के नाम पर वसूली है। देर रात पटेलनगर पुलिस ने ठगी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के सेवलाकलां की महिला प्रोफेसर ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि उसने शादी डॉट काम पर प्रोफाइल डाला था। अक्तूबर 2015 में लड्डू कुमार नाम के युवक ने लाइक करते हुए शादी की इच्छा जताई।
उसका कहना था कि वह मूलरूप से दिल्ली का रहने वाला है और अफगानिस्तान में एक फार्मेसी कंपनी में काम करता था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो साथ जीने और मरने की कसमें खाई गई।
20 लाख गंवाने के बाद हुआ अहसास
व्हाटस एप से बातचीत बढ़ी तो लड्डू कुमार ने भारत में फार्मेसी कंपनी खोलने की बात कही। झांसे में आई महिला ने धन उपलब्ध कराने की बात कही।
महिला ने इस साल जनवरी माह में पहले एक लाख 30 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद लड्डू और धन की मांग करता रहा और प्रोफेसर उपलब्ध कराती रही।
20 लाख रुपये देने के बाद प्रोफेसर को गलती का अहसास हुआ। 15 दिन से जालसाज से महिला का संपर्क नहीं हो पाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।