पैसे नहीं दिए तो मुंह बोली मां का किया खून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में हुई होटल मालकिन की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार नौकर छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को प्रेस वार्ता में एसएसपी ने बताया कि छोटू ने ही सुशीला शर्मा की हत्या की थी। पुलिस ने गुरुवार की रात छोटू को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में छोटू ने बताया कि उसके हाथ में चोट लगी थी। इलाज के लिए उसने सुशीला से रुपए और छुट्टी मांगी। लेकिन सुशीला ने रुपए और छुट्टी देने से मना कर दिया। जिससे गुस्से में आकर छोटू ने होटल मालकिल की हत्या कर दी। छोटू सुशीला को मां कहता था।
हरकी पैड़ी पुलिस चौकी से 150 मीटर दूर शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट की मालकिन एवं महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महासचिव सुशीला शर्मा की रेस्टोरेंट में ही सूजे से घोंपकर हत्या कर दी थी।
घटनास्थल से महिला की सोने की चेन, अंगुठियां, पर्स और मोबाइल फोन गायब था। रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी की तहरीर पर हरकी पैड़ी चौकी पुलिस ने फरार नाबालिग नौकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। हत्यारों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
क्या हुआ था
पांच नवंबर को रोज की तरह सुबह करीब आठ बजे रेस्टोरेंट कर्मचारी दिलवर सिंह रावत (निवासी चिलपड, भरपुर पट्टी) और संतराम भट्ट (निवासी भट्टवार्ड, सिमड़ी धार, घनसाली, टिहरी गढ़वाल) रेस्टोरेंट पहुंचे।
लेकिन रेस्टोरेंट का आधा शटर खुला था। बर्तन साफ करने वाला कर्मचारी सहदेव (निवासी बिहार) शटर के आगे सोया था। दोनों कर्मचारी अंदर घुसे तो मालकिन सुशीला शर्मा (55 वर्ष पत्नी सुरेश शर्मा) का खून से लथपथ शव बेड पर पड़ा था।
दोनों कर्मी बाहर निकले और चौकी पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना पर एसएसपी स्वीटी अग्रवाल, एसपी सिटी एसएस पंवार, सीओ सिटी चंद्रमोहन सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी पीसी मठपाल मौके पर पहुंचे।
महिला के सिर, मुंह, हाथ, गर्दन और छाती पर सूजे के वार के करीब 25 निशान थे। रेस्टोरेंट पर दो माह से काम करने वाला छोटू (नाबालिग) फरार था।
ठीक नहीं था रेस्टोरेंट मालकिन का दांपत्य जीवन
रेस्टोरेंट मैनेजर राहुल ने पुलिस को बताया कि नाबालिग कहां का रहने वाला है, इसका किसी को पता नहीं। उसकी फोटो भी मालकिन की मोबाइल में थी। एसएसपी ने बताया कि रेस्टोरेंट कर्मचारी संतराम की तहरीर पर फरार नौकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
रेस्टोरेंट मालकिन का दांपत्य जीवन ठीक नहीं था। कई वर्ष पहले उसका पति सुरेश शर्मा से अलगाव हो गया था। उसकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है लेकिन दोनों से महिला का गहरा नाता नहीं रहा।
महिला के बेटे की दुर्घटना में मौत हो चुकी है। हिमालय डिपो की गली में महिला का पैतृक मकान था। वहां से मकान खाली करने के बाद वह शहर में कई स्थानों पर रही लेकिन पिछले एक साल से महिला रेस्टोरेंट में ही सो रही थी।
महिला के पति होशियारपुर (पंजाब) में रहकर प्राईवेट जॉब करते हैं। पुलिस की सूचना पर वह भी हरिद्वार पहुंच गए हैं। हाल फिलहाल में महिला ने भीमगोडा के एक आश्रम में दो कमरे लिए हुए थे।