बेटे ही निकले कातिल, तीन लाख की खातिर किया पिता का खून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के पूरणपुर गांव में तीन लाख रुपयों की खातिर बेटों ने ही अपने पिता का कत्ल किया था। पिता ने रुपये देने से मना किया तो आपा खो बैठे दो बेटों ने अपने पिता के सिर पर डंडे से वार कर हत्या कर दी।
शनिवार को एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बीते मंगलवार को हुई ग्रामीण की मौत के मामले में खुलासा करते हुए यह जानकारी दी है।
खानपुर क्षेत्र के पूरणपुर गांव के गन्ने के खेत में बीते बुधवार को मामचंद उर्फ रोढा का शव पड़ा मिला था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
एसपी देहात ने किया खुलासा, पढ़िए पूरी कहानी
शनिवार को खानपुर थाने में मामले का खुलासा करते हुए एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामचंद की हत्या उसी के पुत्रों भंवर सिंह और अनंग पाल ने तीन लाख रुपयों के लालच में की थी।
बताया कि मामचंद ने कृषि कार्ड बनवाया हुआ था। जिसके जरिए उसने एक माह पहले तीन लाख रुपये की नगदी निकाली थी और इसे गांव के एक व्यक्ति को दे दी थी।
इस बात से मामचंद के पुत्र नाराज थे। मामचंद के बड़े पुत्र राजबीर ने एक लाख रुपये की मांग की थी। एसपी देहात ने बताया कि मामचंद के दो पुत्र भंवर सिंह और अनंग पाल साथ रहते थे, जबकि बड़ा पुत्र राजबीर अपने परिवार के साथ अलग रहता था।
एसपी देहात ने बताया कि 28 जुलाई की शाम को मामचंद शौच के लिए खेतों में गया। पीछे-पीछे उसके दो पुत्र भंवर सिंह और अनंग पाल भी पहुंच गए।
पैसे देने से मना किया तो कर दिया खून
खेत में पहुंचने पर बेटों ने तीन लाख रुपये देने की बात कही। इस पर मामचंद ने नाराजगी दिखाई। जिस पर दोनों बेटे आपा खो गए और उन्होंने मामचंद के सिर पर पीछे से डंडे से वार कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है। साथ ही दोनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया।
खुलासे के दौरान थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी, सुखबीर सिंह, बलबीर सिंह, प्रशांत, कमल मौर्य मौजूद रहे। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने हत्या के खुलासे में शामिल टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।