केस वापस कराने के लिए रच डाली हमले फर्जी कहानी
मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगा दिया। पुलिस ने जांच की तो मामला फर्जी निकला। पुलिस ने आरोप लगाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार रात एमडीडीए कॉलोनी डालनवाला निवासी फरीद खान ने थाना डालनवाला में फोन कर खुद पर हमला होने की जानकारी दी। उसने बताया कि उसी कॉलोनी में रहने वाले विशाल व गौरव समेत कुछ युवकों ने उस पर गोली चलाकर जान से मारने की कोशिश की।
उसने बताया कि गोली लगने से उसकी कार का आगे का शीशा भी टूट गया है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच में साफ हो गया कि कार का शीशा फायरिंग से नहीं टूटा है।
पुलिस ने की सख्ती तो उगल दिया सच
इस पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो फरीद ने सच उगल दिया। उसने बताया कि जिन युवकों पर उसने गोली चलाने का आरोप लगाया है, उनके साथ उसका मुकदमा चल रहा है।
वह युवकों पर उस मुकदमे को वापस लेने के लिए दबाव बनाना चाहता था, इसलिए उसने दूसरे पक्ष को झूठे मामले में फंसाने की योजना बनाई। विशाल ने डालनवाला थाने में तहरीर देकर फरीद पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इससे पहले भी रायपुर में एक मामले में जेल जा चुका है। उसे बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।