रुड़की गैंगवारः हिस्ट्रीशीटर चीनू ने किया बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की जेल के मुख्य द्वार पर हुए हमले में अपने तीन साथियों को खो चुके हिस्ट्रीशीटर चीनू पंडित ने अपनी और परिवार की जान को फिर खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।
हमले के लिए जेल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर अब कोई वारदात होती है तो इसका जिम्मेदार पूरा प्रशासन होगा।
सुरक्षा के लिए अपने परिवार के सदस्यों के लिए शस्त्र लाइसेंस की मांग करते हुए चीनू ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने उसे यह मामला विधानसभा में उठाने का भरोसा दिलाया है।
जेल में हत्या के लिए आ गए थे हथियार
शुक्रवार को अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए चीनू ने हमले के बाद प्रकाशित हुई अमर उजाला की सभी खबरों की पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी हत्या की साजिश जेल में ही रची गई थी।
जेल में ही उसकी हत्या कराने के लिए हथियार मंगा लिए गए थे इसकी सूचना उसे एक प्रधान बंदी रक्षक गमाल सिंह ने तीन दिन पहले ही दे दी थी जिस पर बंदीरक्षक को जेलर ने निलंबित करवाकर टिहरी अटैच करवा दिया।
चीनू के अनुसार वह चार दिन से जेल में बीमार था लेकिन उसके कहने के बाद भी उसे उपचार के लिए नहीं भेजा गया। हमले वाले दिन ही उसे अस्पताल ले जाने के लिए जेल के बाहर गारद मंगवाई गई लेकिन उसने जाने से इंकार कर दिया अगर वह अस्पताल जाता तो रास्ते में उसकी हत्या करवा दी जाती।
पुलिस पर राठी से मिलीभगत का आरोप
चीनू के अनुसार इस हमले को गैंगवार प्रचारित किया जा रहा है जबकि रुड़की शहर में सुनील राठी द्वारा की जाने वाली चौथ वसूली पर उसके द्वारा लगवा दी गई रोक और जेलर हत्याकांड में राठी के खिलाफ पुलिस की मदद करने का खामियाजा उसे भुगतना पड़ रहा है।
अब पुलिस को उसकी मदद करनी चाहिए। चीनू ने कहा कि सिकरोढ़ा गांव में जहां गोली चलाने के आरोप में उसे जेल भेजा गया था वह झूठा मुकदमा है। उस बारे में घटना का वादी भी शपथ-पत्र दे चुका है लेकिन पुलिस अधिकारियों ने जानबूझकर उस पर धारा 307 लगवाई और उसे जेल भेजा।
उसने सीओ मंगलौर पर भी उसे झूठा जेल भेजने के आरोप लगाते हुए कहा कि उसे जेल भेजना भी इस हमले की साजिश का हिस्सा है।
जेल में लगता है राठी का दरबार
चीनू का आरोप है कि रुड़की जेल में इस समय जेलर की नहीं बल्कि सुनील राठी का राज चल रहा है। जेल प्रशासन फर्जी बिल बनवाकर पैसे ऐंठ रहा है और राठी जेल में ही बंद महंत सुधीर गिरि हत्याकांड के आरोपी आशीष उर्फ टुल्ली के पैसों से जेल का पुनरुद्धार करा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों के जेल के दौरों को भी उसने फर्जी बताया और कहा कि केवल कागजों में ही जेल का निरीक्षण करना दिखा दिया जाता है।
नेता लगाते हैं हाजिरी
चीनू पंड़ित ने कहा कि जेल में हर रोज सुनील राठी दरबार लगाकर बैठता है शहर और आसपास के कई नेता उससे मिलने जेल में ही जाते हैं लेकिन कोई कुछ नहीं कहता। वह ऐसे कई नेताओं को पहचान सकता है जो अक्सर राठी से जेल में मिलने जाते रहते हैं।