कारोबारी ने दी जान, शमशान में जाकर खाया जहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की के पिरानकलियर क्षेत्र के हद्दीवाला गांव में एक 25 वर्षीय कारोबारी ने जहर खाकर जान दी। उसका शव गांव के ही शमशान घाट पर मिला। युवक शुक्रवार रात से लापता था।
गांव में ही वह नई साइकिल बनाकर बेचता था। मृतक के शव की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से दो सुसाइड नोट मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूलरूप से गंगोह, सहारनपुर निवासी योगेश उर्फ मोनू (25) पिरानकलियर के हद्दीवाला गांव में करीब 20 साल से अपनी बुआ के यहां रहता था। गांव में ही उसकी साइकिल की दुकान थी जहां वह नई साइकिल तैयार कर बेचता था। बताया गया है कि शुक्रवार की रात योगेश घर से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन सुराग नहीं लग पाया।
ग्रामीणों ने शमशान में पड़ा देखा शव
शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों पर जा रहे थे। उन्होंने योगेश का शव गांव के शमशान घाट पर पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने युवक की जेब से दो सुसाइड नोट बरामद किए हैं। जिसमें उसने जिक्र किया था कि उसे जिंदगी में कभी प्यार नहीं मिला है। इसलिए वह यह कदम उठा रहा है।
आगे लिखा है कि यदि जिंदगी रही तो नए सिरे से जिंदगी शुरू करने का भी जिक्र किया गया था। मानसिक तनाव के चलते ही उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। मानसिक तनाव की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।