डांट से नाराज बहन ने खाया जहर, भाई ने भी दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के एक गांव में छोटी बहन की ओर से आत्महत्या कर लेने पर जिम्मेदार ठहराए गए बड़े भाई ने भी जहर खाकर जान दे दी। भाई-बहन की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस को दोनों की मौत की खबर दाह संस्कार के बाद हुई।
हरिद्वार के जटबहादरपुर गांव में एक ग्रामीण अपने परिवार के साथ दिहाड़ी-मजदूरी कर गुजर बसर करता है। सोमवार शाम उसकी 23 वर्षीय बेटी परिता को बडे़ भाई नीटू ने किसी बात पर डांट-डपट दिया। इससे नाराज बहन ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली।
मंगलवार सुबह परिजनों ने युवती का दाह संस्कार कर दिया। लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी। मां-बाप ने नीटू को बेटी की आत्महत्या करने के लिए कोसना शुरू कर दिया।
मां-बाप ने कोसा तो भाई ने भी खाया जहर
मंगलवार रात नीटू ने खुद को बहन की मौत का जिम्मेदार ठहराने पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान दे दी। 48 घंटे में चौखट से दो अर्थियां उठने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जब तक पुलिस जागी तब तक भाई का भी दाह संस्कार हो चुका था। थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि भाई-बहन का अंतिम संस्कार हो चुका है। भाई भी दिहाड़ी मजदूरी करता था।
ऑनर किलिंग का हल्ला
क्षेत्र में हल्ला हुआ कि प्रेम-प्रसंग के चलते परिजनों ने युवती की हत्या कर दी है। फिर भाई ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इधर, एसओ ने दावा किया कि मामला हॉरर किलिंग का नहीं है। भाई-बहन ने स्वयं आत्महत्या की है।