Coronavirus New Strain: यूरोपीय देशों से हरिद्वार पहुंचे 19 प्रवासी, स्वास्थ्य विभाग सतर्क
- स्वास्थ्य विभाग की टीम 28 दिनों तक करेगी सभी प्रवासियों की निगरानी
- प्रवासियों और उनके संपर्क में आए सभी लोगों की होगी कोरोना की जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए नई कोविड एसओपी जारी होने के बाद अब तक 19 प्रवासियों ने हरिद्वार जिले में वापसी की है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्रवासियों के चिन्हीकरण, सैंपलिंग और कांटेक्ट ट्रेसिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी प्रवासियों की कोविड जांच के साथ ही उन्हें अगले 28 दिन तक निगरानी में रखा जाएगा।
नए स्ट्रेन ने ब्रिटेन समेत विभिन्न यूरोपीय देशों में कहर ढा रखा है। ऐसे में यूरोपीय देशों से भारत लौट रहे प्रवासियों को लेकर केंद्र सरकार ने नई एसओपी जारी की है। भारत सरकार ने जिला स्वास्थ्य विभाग को यूरोपीय देशों से लौटे हरिद्वार के 19 प्रवासियों की सूची भेजी है। ये सभी दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरे थे।
यह भी पढ़ें: Corona in Uttarakhand: इंग्लैंड से लौटी काशीपुर की महिला की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव
इनमें ब्रिटेन के 17 और एक-एक इटली और पुर्तगाल के प्रवासी शामिल हैं। सीएमओ डॉ. एसके झा ने बताया कि सभी प्रवासियों से फोन के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है। रुड़की में तीन प्रवासियों के सैंपल भी लिए गए हैं। प्रवासियों के संपर्क में आए लोगों के स्वैब सैंपल कोविड जांच के लिए भेजे गए हैं।
उन्होंने बताया कि तीनों प्रवासियों में कोरोना के लक्षण नहीं है। इसलिए फिलहाल तीनों को होम आइसोलेशन की अनुमति देते हुए उनकी निगरानी की जा रही है। सीएमओ ने बताया कि तीन प्रवासियों के फोन बंद हैं।
उनसे लगातार संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा कुछ प्रवासी अब तक हरिद्वार नहीं पहुंचे हैं। अगर वे दूसरे प्रदेश में ही ठहरते हैं तो वहां के स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना भेजी जाएगी।
नए संक्रमितों के लिए होगा कोविड केयर सेंटर
कोरोना का नया स्ट्रेन पिछले स्ट्रेनों के मुकाबले बहुत ज्यादा घातक बताया जा रहा है। इसलिए यूरोपीय देशों से लौटे संक्रमितों के लिए नए कोविड केयर सेंटरों की व्यवस्था की जा रही है। वहीं प्रत्यक्ष लक्षण वाले संक्रमितों के लिए कोविड अस्पताल में अलग आइसोलेशन वार्ड बनाए जा रहे हैं। सीएमओ ने बताया नए स्ट्रेन का फैलाव न हो इसके सभी तरह के जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं।
संपर्क में आए सभी लोगों की होगी जांच
दस दिनों में यूरोपीय देशों से लौटे प्रवासियों के संपर्क में आए सभी लोगों के कोरोना सैंपल लिए जाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक टीम का गठन किया है। प्रवासियों के चिन्हीकरण, सैंपलिंग, कांटेक्ट ट्रेसिंग का काम यही टीम कर रही है।
शहरी क्षेत्र के सबसे अधिक प्रवासी
यूरोपीय क्षेत्रों से लौटे सबसे अधिक प्रवासी शहरी क्षेत्र के हैं। इनमें हरिद्वार के 10, रुड़की के छह, बहादराबाद, भगवानपुर, लक्सर का एक-एक प्रवासी शामिल है।
प्रवासी बढ़े तो बढ़ाई जाएगी व्यवस्था
सीएमओ डॉ. एसके झा ने बताया कि अभी केवल 19 प्रवासियों की सूची ही विभाग को मिली है। फिलहाल भारत ने ब्रिटेन से हवाई सेवा रोक दी है। अगले कुछ प्रवासियों की वापसी होती है तो कोविड केयर सेंटर और आइसेलशन वार्डों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।