Coronavirus in Uttarakhand: रुड़की सिविल अस्पताल में कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत
रुड़की सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती इमलीखेड़ा निवासी एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई है। मरीज की मौत से अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल के सीएमएस डॉ संजय कंसल का कहना है कि मरीज की मौत हृदय गति रुकने से हुई है।
जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन पहले मरीज का सैंपल लिया गया था। जिसमें कोरोना की पुष्टि हुई थी। तभी से उसका उपचार अस्पताल में चल रहा था। वहीं, संक्रमित की मौत से परिजनों और गांव में भी दहशत है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus in Uttarakhand: सैंपल जांच बढ़ी तो 9700 से अधिक पहुंचा बैकलॉग का ग्राफ
स्वास्थ्य विभाग की टीम मृतक का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विभाग ने परिजनों से संपर्क किया है। उधर, देर रात रुड़की के 42 और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को अलग-अलग कोविड सेंटर में भर्ती कराया है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के एक अधिकारी को कोरोना
हरिद्वार में कोरोना की गिरफ्त में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के एक अधिकारी भी आ गए हैं। इससे विभागीय अधिकारी चिंतित हैं। हालांकि अभी प्रशासन ने आयोग के कार्यालय को बंद कराने आदि के संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है। इनके अलावा नगर निगम के चार, मिशन अस्पताल कनखल से पांच, भगवानपुर एवं सिडकुल की कंपनियों से 21 मरीज कोरोना संक्रमित मिले हैं।
सोमवार को जिले के 53 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इनमें एक उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के एक अधिकारी भी शामिल है। अन्य मरीज हरिद्वार नगर निगम, सुभाषनगर, फेरुपुर, रावली महदूद, वाल्मीकि बस्ती ज्वालापुर, बहादराबाद, पीठ बाजार ज्वालापुर, ब्रह्मपुरी, भगवानपुर, कैथवाडा ज्वालापुर, मायापुर, श्यामपुर, इंद्रा बस्ती, लोधामंडी, पुराना औद्योगिक, नियाना स्ट्रीट कनखल, कटहरा, हेत्मपुर, जगजीतपुर, कृपाल आश्रम, अंबेडकर पार्क सलेमपुर आदि जगह के शामिल हैं। इनके अलावा दो मरीज देहरादून निवासी और एक मुजफ्फरनगर से आए हैं। अब कोविड केयर सेंटरों में 549 मरीज भर्ती हैं। जबकि सोमवार को स्वस्थ होने पर 67 लोगों को छुट्टी दे दी गई है।
महिला अस्पताल में आज से शुरू होगी ओपीडी एवं प्रसव
महिला अस्पताल में शनिवार को एक वार्ड की आया में कोरोना की पुष्टि होने पर अस्पताल की ओपीडी और प्रसव बंद करा दिए थे। प्रमुख अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि वार्ड आया के बाद अन्य किसी स्टाफ में कोरोना की पुष्टि न होने पर अब मंगलवार से ओपीडी एवं प्रसव का काम शुरू करा दिया जाएगा।