स्टिंग ऑपरेशनः CM हरीश रावत से पूछताछ खत्म, 7 जून को अगली पेशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति शासन के दौरान विधायकों की खरीद फरोख्त के स्टिंग प्रकरण में फंसे उत्तराखंड सीएम हरीश रावत मंगलवार दिल्ली स्थित सीबीआई हेडक्वार्टर में चली पूछताछ शाम साढ़े चार बजे खत्म हो गई। अब सीबीआई ने आगामी सात जून को हरीश रावत को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत मंगलवार सुबह 11 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे, जहां पांच घंटे से ज्यादा वक्त तक लगातार हरीश रावत से पूछताछ की गई।
इससे पहले सुबह सीबीआई मुख्यालय जाते वक्त मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा था कि कानून का पालन करने वाले नागरिक के समान वह सीबीआई के सामने पेश होंगे। वह नहीं चाहते कि जनता यह सोचे कि वह सीबीआई का उल्लंघन कर रहे हैं।
जांच एजेंसी ने दो दिन पहले सीएम को पूछताछ में शामिल होने के लिए पत्र भेजा था। प्रकरण को लेकर प्राथमिक जांच (पीई) दर्ज हो चुकी है, जिससे सीएम के बयानों को अहम माना जा रहा है।
इससे पहले सीबीआई ने 9 मई को सीएम हरीश रावत को जांच में सहयोग के लिए दिल्ली तलब किया था, लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण उन्हें राहत मिल गई थी। दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचे हैं, जो सीबीआई जांच के विरोध में केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।
स्टिंग में हुई बातचीत से अलग भी पूछताछ
राष्ट्रपति शासन के दौरान 26 मार्च को सामने आए स्टिंग में सीएम हरीश रावत विधायकों की खरीद फरोख्त को लेकर बातचीत करते दिखाई दिए। सीडी की जांच केंद्र पहले ही सीएफएसल लैब से करवाकर उसे सही होने का प्रमाण पत्र दे चुका है। हरीश रावत खुद इस बात को मान चुके हैं कि सीडी में वही मौजूद हैं।
ऐसे में सीबीआई की मंगलवार को हुई पूछताछ अहम है। जांच एजेंसी पूछताछ से पहले प्रश्नावली तैयार कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार सीएम से स्टिंग में हुई बातचीत से इतर भी पूछताछ की गई है। हार्स ट्रेडिंग प्रकरण के दूसरे स्टिंग प्रकरण में विधायक मदन बिष्ट ने कई बार सीएम का नाम लिया है।
जिसको लेकर जांच एजेंसी सवाल जवाब कर सकती है। इसके अलावा जिन कांग्रेसी विधायकों ने उन्हें मिले मोटे ऑफर की बात कही वह भी सीबीआई के रडार पर हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस सीबीआई जांच के विरोध में केंद्र को घेरने की तैयारी कर रही है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली बुलाए गए हैं।