तो क्या तीर्थनगरी में सजेगा सरकारी बीयर बार!
उत्तराखंड में गढ़वाल मंडल विकास निगम तीर्थनगरी ऋषिकेश में शराब की सरकारी दुकान खोलने की तैयारी कर रहा है।
जीएमवीएन के क्षेत्रीय प्रबंधक (पर्यटन) बीएल राणा ने प्रशासन को पत्र भेजकर हरिद्वार बाईपास स्थित भरत भूमि पर्यटक आवास गृह में बीयर-शराब बार संचालन की अनुमति मांगी है। मामले में एसडीएम ऋषिकेश जल्द सर्वे करवाकर आख्या जिलाधिकारी दून को पेश करेंगे।
तीर्थनगरी ऋषिकेश मद्य निषेध क्षेत्र है। यहां मांस और मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित है। हालांकि, शहर से सटे ग्रामीण क्षेत्र में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध नहीं है। इसी का हवाला देकर जीएमवीएन ने 23 अक्तूबर 2013 को डीएम दून को प्रस्ताव भेजा था।
जीएमवीएन ने हरिद्वार बाईपास स्थित अपने भरत भूमि पर्यटक आवास गृह में बीयर बार संचालन का लाइसेंस जारी करने का आग्रह किया था। लेकिन डीएम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई, लिहाजा मामला ठंडे बस्ते में चला गया था।
कुछ कदम दूर चल रहा है निजी बार
अब जीएमवीएन प्रबंधन ने दोबारा पत्र भेजकर जिलाधिकारी दून से आवास गृह में बीयर/मदिरा बार लाइसेंस जारी करने की अपील की है।
पत्र में कहा गया है कि पर्यटक आवास गृह ग्रामसभा क्षेत्र में आता है, जहां मांस, मदिरा बिक्री पर प्रशासन का प्रतिबंध नहीं है। पर्यटक आवास गृह में बार खुलने पर पर्यटकों को सुविधा और सरकार को राजस्व लाभ मिलेगा।
हरिद्वार बाईपास पर जीएमवीएन जहां बार खोलना चाह रहा है, वहां से कुछ ही दूर दून मार्ग पर एक निजी लिकर बार चल रहा है। ऐसे में आवास गृह में बीयर बार संचालन में कानूनी अड़चन आने की उम्मीद कम है।
भरत भूमि पर्यटन आवास गृह में बार संचाचन के लिए जीएमवीएन के क्षेत्रीय प्रबंधक (पर्यटन) का पत्र मिला है। इसमें इलाके का सर्वे कराकर अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने का जिक्र है। मामले में जल्द कार्रवाई कर आख्या जिला प्रशासन को भेजेंगे।
- एसके पांडेय, उपजिलाधिकारी