नैनीताल में पर्यटकों को आवारा कुत्तों ने दौड़ाया, 20 फुट गहरी खाई में गिरी मासूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान से घूमने आए एक परिवार पर रविवार सुबह आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। 10 साल की बच्ची कुत्तों से बचने के लिए सड़क किनारे पैरापिट पर खड़ी हुई तो संतुलन खो बैठी और 20 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
उसके सिर और शरीर में चोट आ गई। अधिक रक्तस्राव से उसकी हालत बिगड़ गई। उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से हल्द्वानी के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
मोहम्मदपुरा सागवाड़ा डुंगरपुर राजस्थान के रहने वाले अब्बास फकदीन माउड़ी अपनी पत्नी, बेटी एमतुला और बेटे के साथ 21 जुलाई को नैनीताल घूमने आए थे। वह हल्द्वानी रोड स्थित एक होटल में रुके थे।
रविवार को काठगोदाम से उन्हें राजस्थान के लिए ट्रेन पकड़नी थी। सुबह छह बजे होटल से चैक आउट करके बस पकड़ने के लिए वह परिवार के साथ रोडवेज स्टेशन की ओर रवाना हुए। होटल से कुछ ही दूर टैक्सी स्टैंड के पास पहुंचते ही आठ-दस आवारा कुत्तों ने परिवार पर हमला कर दिया। अचानक कुत्ते दस साल की एमतुला पर झपट पड़े।
एमतुला डर के कारण सड़क किनारे पैरापिट पर चढ़ गई
कुत्तों से बचने के लिए एमतुला डर के कारण सड़क किनारे पैरापिट पर चढ़ गई। एमतुला के पिता अब्बास ने बताया कि कुत्ते उस पर झपटने लगे, इससे एमतुला संतुलन खोकर 20 फुट खाई में गिर गई।
माता-पिता के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे गिरीश पंत और बिशन चंद्र पांडे ने अपने वाहन रोके और मदद को दौड़ पड़े। किसी तरह उसे बाहर निकाला गया। वहां से उसे बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए बृजलाल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रेलिंग लगाते तो बच सकता था हादसा
वाहन चालकों और अन्य लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। सुभाष चंद्रा, हितेश साह, मोहन, विवेक, मनोज साह और कान्हा साह ने कहा कि पैरापिट में रेलिंग लगाई जानी जरूरी हो गई है।
घटना दु:खद है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में पालिका आवारा कुत्तों को पकड़कर अन्य स्थानों में नहीं छोड़ सकती है। वर्तमान में पालिका ने ह्ययूमन सोसाइटी संस्था के सहयोग से 836 कुत्तों का बधियाकरण कर दिया है।
- रोहिताश शर्मा, ईओ नगर पालिका नैनीताल