...तो अब इस बॉलीवुड हसीना के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे बाबा रामदेव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
योगगुरु बाबा रामदेव जल्द ही बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के साथ टीवी स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
स्वामी रामदेव की पतंजलि योगपीठ इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित करने में जुटी है, जिसे प्रतिवर्ष लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ाया जाएगा। योग के प्रचार को बढ़ावा देने के लिए बाबा टीवी के बहुचर्चित डांस शो में भी नजर आएंगे।
बाबा रामदेव पहले भी टीवी चैनलों के शो में जा चुके हैं। कुछ समय पहले तो उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पहलवान से कुश्ती भी लड़ी थी। राष्ट्रीय कुश्ती के मंचों पर बाबा अपने जलवे दिखाते रहे हैं। बाबा रामदेव का मानना है कि यह सब वे योग को बढ़ावा देने के लिए कर रहे हैं।
विगत दिनों बाबा ने मुंबई जाकर टीवी के मशहूर नच बलिये शो के लिए रिकॉर्डिंग कराई। इस शो में बाबा प्रख्यात अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा के साथ निर्णायक की भूमिका में हैं। डांस करने आए कलाकारों के नृत्य की वे अलग-अलग समीक्षा भी करेंगे और उन्हें कुछ अलग गुर भी सिखाते नजर आएंगे।
साधकों की संख्या का नया रिकॉर्ड स्थापित करने की कोशिश
प्राचीन भारतीय नाट्य शास्त्र से नए युग के कलाकारों को अवगत कराया जाएगा। बाबा रामदेव ने बताया कि इस शो के माध्यम से वे वास्तव में योग का ही प्रचार कर रहे हैं। कोशिश है कि प्रत्येक वर्ष आने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग करने वाले साधकों की संख्या का नया रिकॉर्ड स्थापित किया जाए।
इस बार इसीलिए अहमदाबाद के एक ही मैदान में पांच लाख साधकों को एक साथ लाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश के करोड़ों लोगों को योग से जोड़ने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यद्यपि भारत के साथ साथ विश्व में भी तमाम जन समुदाय योग से भली भांति अवगत हो चुका है, किंतु टीवी चैनलों के डांस शो भी देश के करोड़ों लोग देखते हैं। इस माध्यम से भी योग का प्रचार किया जाएगा।
चैनल पर बाबा की उपस्थिति का शो शनिवार या रविवार को प्रसारित होगा। उधर, पतंजलि योगपीठ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को नया जामा पहनाने की विशेष तैयारियां चल रही हैं। आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि इस बार के लक्ष्य में देश के सभी 6.30 लाख गांवों में योग कराने का लक्ष्य सबसे बड़ा है। पतंजलि योगपीठ की विदेशों में स्थित शाखाएं भी योग कराएंगी। इन शाखाओं से विदेशों में रहने वाले भारतीय ही नहीं अपितु विदेशी भी संपर्क कर चुके हैं। पतंजलि के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में इस बार विदेशियों की संख्या पहले से काफी अधिक रहेगी।