सांसद तरुण विजय हमले में घायल, दलितों के साथ मंदिर प्रवेश पर भीड़ हुई उग्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून के चकराता तहसील के पोखरी गांव में दलितों के साथ धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने गए राज्य सभा सांसद तरुण विजय पर भीड़ ने हमला बोल दिया और उनसे मारपीट भी की। हमले में सांसद समेत कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
हमलावरों ने पथराव करके वाहनों से शीशे तोड़ दिए और सांसद के साथ गए आराधना ग्रामीण विकास केंद्र समिति के संरक्षक दौलत कुंवर की गाड़ी को खाई में ढकेल दिया। दौलत कुंवर और उनकी पत्नी ने किसी तरह घाटी में छिप कर अपनी जान बचाई, जिन्हें बाद ने पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
चकराता स्थित सेना के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सांसद को देर शाम दून के लिए रेफर कर दिया। जानकारों के मुताबिक भीड़ मंदिर में दलितों के प्रवेश से नाराज थी। हालांकि मंदिर समिति का कहना है कि उन्होंने किसी के प्रवेश पर आपत्ति नहीं लगाई थी। डीएम डॉ. रविनाथ रमन और एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने चकराता पहुंच कर हालात का जायजा लिया।
सिर पर लगा पत्थर, एक किमी तक भागकर बचाई जान
शुक्रवार को जौनसार बावर परिवर्तन यात्रा विकासनगर ब्लाक मुख्यालय से पोखरी गांव के लिए रवाना हुई। यात्रा में दलित समुदाय के लोग भी शामिल हुए। पोखरी गांव चकराता ब्लाक मुख्यालय से 45 किमी दूर है। जहां शिलगुर देवता का नवनिर्मित मंदिर बना है। शुक्रवार को यहां मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन था।
इसमें भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शाम करीब सवा चार बजे तरुण विजय देवता के दर्शन करके दौलत कुंवर व अन्य के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने उनका हमला बोल दिया और पथराव शुरू कर दिया।
भीड़ में शामिल लोगों ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट भी की। तरुण विजय ने वाहन की आड़ लेकर किसी तरह खुद को पत्थरों से बचाने की कोशिश की पर इसी बीच एक पत्थर उनके सिर पर लगा। उन्होंने लहूलुहान हालत में करीब एक किलोमीटर तक भागकर अपनी जान बचाई।
गाड़ी में आग लगाने की कोशिश, फेंकी खाई में
यहां से पुलिस कर्मियों ने सांसद को दूसरे वाहन से चकराता के मिलिट्री अस्पताल के लिए रवाना किया। इधर आक्रोशित भीड़ ने सांसद और दौलत कुंवर जिस वाहन से आए थे उसे आग के हवाले करने की भी कोशिश की।
सफल नहीं होने पर लोगों ने वाहन को खाई में पलट दिया। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों से भी मारपीट की। आक्रोशित भीड़ को देख कुछ पुलिस कर्मियों ने भाग कर जान बचाई।
गुस्साई भीड़ ने आराधना ग्रामीण विकास केंद्र समिति के संरक्षक दौलत कुंवर पर भी हमला बोल दिया। उनके सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। दौलत कुंवर ने घाटी में छिप कर किसी तरह जान बचाई।
सेना अस्पताल में हुआ सांसद का इलाज
भीड़ के हमले में भाजपा के नेता विपुल अग्रवाल भी घायल हो गए। उनके सिर पर भी चोटें आई हैं। सांसद तरुण विजय को चकराता स्थित सेना के अस्पताल में ले जाया गया।
जहां पहले सेना के अधिकारियों ने अनुमति न होने की बात कह कर उपचार करने से मना कर दिया। डीएम के अनुरोध पर सांसद को सेना के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें दून रेफर कर दिया गया।