बस एक क्लिक में घर बैठे बुक करें हज का 'टिकट'
पवित्र हज यात्रा के आवेदन का इंतजार खत्म हुआ। 19 जनवरी से हज यात्रा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। खास बात यह है कि इस बार आवेदक घर बैठे ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। हज कमेटी आफ इंडिया ने पहली बार यह शुरुआत की है। इसके अलावा ऑफलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
हज कमेटी आफ इंडिया ने हज 2015 की तिथियां जारी कर दी हैं। इसके तहत 19 जनवरी से 20 फरवरी की शाम तक आवेदन कर सकते हैं। हज कमेटी ने इसकी सूचना राज्य हज समिति को भेज दी है। पहली बार पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू की जा रही है।
घर बैठकर हज के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसका शुल्क चालान फार्म से या ऑनलाइन भी जमा किया जा सकेगा। हज कमेटी उत्तराखंड के चेयरमैन हाजी राव शेर मुहम्मद ने बताया कि जल्द ही प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। हज के आफलाइन आवेदन के लिए कमेटी कार्यालय से मुफ्त में फार्म प्राप्त किए जा सकते हैं।
आवेदन के लिए यह है जरूरी
हज के लिए आवेदन कर रहे आवेदकों के लिए यह जरूरी है कि उसके पासपोर्ट की वैधता 20 मार्च 2016 तक होनी चाहिए। इससे पहले जिनके पासपोर्ट की वैधता खत्म हो रही हो, वह तुरंत नवीनीकरण करा लें। यह भी जरूरी है कि पासपोर्ट 20 फरवरी 2015 या इससे पूर्व बना हो।
प्रदेश में 860 सीटें
हज कमेटी आफ इंडिया की ओर से हर राज्य का आबादी के अनुपात में कोटा निर्धारित होता है। प्रदेश में गत वर्ष हज के लिए 860 सीटें थी। हालांकि 2200 से ज्यादा ने हज के लिए आवेदन किया था, जिनमें से लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया था। इस साल भी कोटा इतना ही रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
यहां होगा ऑनलाइन आवेदन : www.hajcommittee.com