JNU में लगे देश विरोधी नारों पर IIT में बवाल, छात्रों ने मंत्री को घेरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर को आईआईटी में आयोजित एक व्याख्यान कार्यक्रम के दौरान छात्रों का विरोध झेलना पड़ा।
जेएनयू में छात्रों के अफजल गुरु की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में नारेबाजी करने के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बोलने से कोई देशद्रोही नहीं हो जाता। अय्यर के पूरे भाषण में कश्मीर का मुद्दा हावी रहा। इस दौरान उन्होंने विचारधारा के तौर भाजपा और आरआरएस पर भी निशाना साधा।
सवाल जवाब के दौरान छात्र उत्तेजित नजर आए। यही नहीं, भाषण समाप्त होने पर छात्रों ने भारत माता और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाकर विरोध जताया। जिसके बाद अय्यर कार्यक्रम से लौट गए।
छात्रों ने नरेंद्र मोदी की जय के नारे लगाए
शनिवार को आईआईटी रुड़की में आयोजित संकल्प-2016 कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर व्याख्यान के लिए पहुंचे थे। संस्थान के मल्टी एक्टिविटी सेंटर में आयोजित व्याख्यान के दौरान अय्यर का पूरा भाषण राजनीति पर आधारित रहा।
इस दौरान एक छात्र ने जेएनयू में देश विरोधी नारेबाजी करने वाले छात्रों के संबंध में सवाल पूछा कि क्या देश विरोधी नारेबाजी करने वालों पर कार्रवाई न करते हुए उनके बंदूक उठाने तक के लिए इंतजार करना चाहिए। इस पर उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने बंदूक नहीं उठाई हैं। अय्यर ने कहा कि किसी भी तरह की अलगाववादी आवाज को दबाकर नहीं, बल्कि उसे सुनकर समाधान निकाला जा सकता है।
इस दौरान सवाल पूछ रहे छात्र काफी उत्तेजित नजर आए। उन्होंने अपना भाषण खत्म किया तो छात्र भारत माता की जय के नारे लगाने लगे। जिस पर एकबारगी अय्यर ने उच्च स्वर में भारत माता की जय का नारा लगाया। माहौल को भांपते हुए अय्यर स्टेज पर बैठने के बाद तुरंत जाने लगे तो छात्रों ने नरेंद्र मोदी की जय के नारे लगाने लगे। जिसके बाद अय्यर गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।