Dehradun: दो दिन के भीतर समर्थ पोर्टल से पूरे करने होंगे दाखिले, शासन ने कॉलेजों को दिया दो दिन का समय
एडमिशन लेने वाले छात्रों का डाटा अपलोड करने, एडमिशन प्रक्रिया संपन्न करने के लिए शासन ने संस्थानों को 19 अगस्त तक का समय दिया है। कॉलेजों को पूरी जानकारी इस तिथि तक हर हाल में समर्थ पोर्टल पर अपलोड करनी है।
विस्तार
प्रदेश के तीन राज्य विश्वविद्यालयों व इनसे संबद्ध कॉलेजों में दाखिलों की प्रक्रिया दो दिन के भीतर पूरी करनी है। दाखिले हुए छात्रों की पूरी जानकारी इसी समयावधि में समर्थ पोर्टल पर अपलोड करनी है। इस साल करीब 90 हजार छात्रों के स्नातक में पंजीकरण का अनुमान है।
शासन ने श्रीदेव सुमन विवि, अल्मोड़ा विवि व कुमाऊं विवि व इनसे संबद्ध कॉलेजों में दाखिले की अंतिम तिथि 14 अगस्त तय की थी। इस दौरान जो भी ऑफलाइन दाखिले हुए हैं, उनकी जानकारी कॉलेजों को समर्थ पोर्टल पर अपलोड करनी है। जानकारी के मुताबिक, 90 हजार से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराए हुए हैं।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: कोटद्वार में कार खाई में गिरने से एक की मौत, यमुनोत्री के पास पहाड़ी से फिसलकर बुजुर्ग की गई जान
इनमें से एडमिशन लेने वाले छात्रों का डाटा अपलोड करने, एडमिशन प्रक्रिया संपन्न करने के लिए शासन ने संस्थानों को 19 अगस्त तक का समय दिया है। अपर सचिव प्रशांत आर्य की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, कॉलेजों को पूरी जानकारी इस तिथि तक हर हाल में समर्थ पोर्टल पर अपलोड करनी है। माना जा रहा है कि इसके बाद ही समर्थ पोर्टल के माध्यम से हुए दाखिलों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।