कोलकाता पुलिस ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें 498 ए भी शामिल है। शमी और उनके रिश्तेदारों द्वारा उनकी पत्नी हसीन जहां को प्रताड़ित करने के आरोप में यह धारा लगाई गई है।
हसीन जहां पर शारीरिक व मानसिक अत्याचार के अलावा पराई औरतों से नाजायज संबंध के आरोपों से घिरे भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की गिरफ्तारी लगभग तय मानी जा रही है। कोलकाता के ज्वॉइंट कमिश्नर प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि शमी के खिलाफ कोलकाता के जाधवपुर पुलिस स्टेशन में लिखित एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने शमी पर धारा 307 हत्या का प्रयास, धारा 323 मारपीट, धारा 376 बलात्कार और 506 जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। शमी के अलावा उनके परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
हसीन जहां ने शमी के बड़े भाई यानी अपने जेठ पर उनके साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि हसीन जहां ने मंगलवार को अपने फेसबुक पेज पर एक के बाद एक 11 पोस्ट डाले थे। इन पोस्ट में शमी की बीवी ने अपने पति के मैसेंजर व व्हॉट्सएप चैट के कई स्क्रीन शॉट शेयर किए थे और उन पर पराई महिलाओं से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था।
इन चैट में साफ नजर आ रहा है कि शमी लड़कियों को होटेल कमरे में बुला रहे हैं। हसीन ने आरोप लगाया था कि शमी देशभर में अनगिनत लड़कियों से इस तरह से अश्लील चैट करते हैं। इतना ही नहीं, मौका मिलने पर कई लड़कियों के साथ होटेल में समय भी गुजारते हैं। शमी के खिलाफ इस तरह के आरोप सामने आने के बाद उन्हें बीसीसीआई ने भी तगड़ा झटका दिया था। बीसीसीआई की नई सालाना कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से शमी को बाहर रखा गया है।