फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi news in one click FIR against investment company false promise getting job in Saudi

एक क्लिक में वाराणसी की खबरें : निवेश कराने वाली कंपनी के खिलाफ एक और FIR, सऊदी में नौकरी लगवाने का झांसा

Fri, 31 Jan 2025 04:33 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 31 Jan 2025 04:33 AM IST
सार

इस मामले मं यह मुकदमा अदालत के आदेश से भदोही के कटरा बाजार निवासी पीयूष कुमार बरनवाल के प्रार्थना पत्र पर दर्ज किया गया है। वहीं, सऊदी अरब में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 86 हजार रुपये ठगने के आरोप में जौनपुर जिले के खैचनपुर निवासी अकबर अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi news in one click FIR against investment company false promise getting job in Saudi
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मलदहिया क्षेत्र में कार्यालय खोलकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये निवेश कराने वाली कंपनी एलयूसीसी द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट थ्रिफ्ट को-ऑपरेशन सोसाइटी के खिलाफ सिगरा थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन


यह मुकदमा अदालत के आदेश से भदोही के कटरा बाजार निवासी पीयूष कुमार बरनवाल के प्रार्थना पत्र पर दर्ज किया गया है। इस कंपनी के खिलाफ अब तक सिगरा और कैंट थाने में दर्जन भर से अधिक मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
विज्ञापन


पीयूष कुमार के मुताबिक, उन्होंने कंपनी में 35 लाख रुपये निवेश किया था। इसके अलावा अपने परिचित अश्विनी बरनवाल के 50 लाख 10 हजार, राजीव गुप्ता के 10 लाख 10 हजार, राजकुमार जायसवाल के 2 लाख 64 हजार, नीरज जायसवाल के 28 लाख, सैफ के दो लाख, अनंत कुमार के छह लाख 50 हजार, जय प्रकाश जायसवाल के 80 हजार, सेवा चौरसिया के दो लाख 50 हजार, विवेक बरनवाल के दो लाख 50 हजार, अनुज बरनवाल के एक लाख समेत अन्य के रुपये उन्होंने निवेश कराए। 1.38 करोड़ रुपये से अधिक शबाब हुसैन, सानिया अग्रवाल, संजय मुदगल, आरके शेट्टी, अभय राय और नवी मुंबई के घंसौली निवासी समीर अग्रवाल लेकर लापता हो गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

सऊदी अरब में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 86 हजार की ठगी
सऊदी अरब में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 86 हजार रुपये ठगने के आरोप में जौनपुर जिले के खैचनपुर निवासी अकबर अली के खिलाफ आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। चौहट्टा लाल खां इलाके में रहने वाले जाहिद शकिल खान ने पुलिस को तहरीर दी थी। 

उनका आरोप है कि अकबर अली ने उनकी नौकरी सऊदी अरब में लगवाने की बात कही थी। इसके लिए अकबर ने दो लाख रुपये मांगे। जाहिद ने अकबर को 65 हजार नकद और 21 हजार ऑनलाइन दिया था। पैसा लेने के बाद अकबर नौकरी लगवाने की बात पर टालमटोल करने लगा। 

जाहिद ने कहा कि 23 दिसंबर 2024 को आदमपुर थाने पर उन्होंने तहरीर दी तो अकबर ने फोन कर पैसा वापस करने की बात कही, लेकिन नहीं दिया। अंत में उन्होंने दोबारा थाने पर तहरीर देकर ठगने और धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।

तीन पर मारपीट और धमकाने का मुकदमा
बड़ागांव थाने में चिलबिला निवासी उमेश सरोज ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। उमेश ने पुलिस को बताया कि गत 28 जनवरी की शाम वह चिलबिला-हरेहू मार्ग पर भागीरथी विद्या मंदिर के पास पहुंचे तो उन्होंने गांव की एक लड़की को रोते हुए देखा।

पूछने पर लड़की ने बताया कि कुड़ी निवासी लालू, राजू और गोलू उससे बदतमीजी कर रहे थे। उन्होंने तीनों की करतूत का विरोध करते हुए नाराजगी जताई। इस पर तीनों ने उन पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। इसके साथ ही आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

पूर्व क्रिकेटर जयराम का निधन
70 के दशक के क्रिकेटर रहे बीजू पाठक नाम से मशहूर जयराम पाठक का 29 जनवरी को गायघाट में निवास स्थान पर निधन हो गया। उनके निधन की सूचना पर क्रिकेट खिलाड़ियों ने शोक सभा आयोजन कर उनकी आत्मशांति की कामना की।जयराम ने अपनी खेल प्रतिभा की बदौलत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया टीम की ओर से कई राष्ट्रीय मैचों में खेले। उनके निधन पर क्रिकेटर राकेश मेहरोत्रा, मुकुल घोष, अरुण सिन्हा, पीएन सिंह राना आदि ने शोक व्यक्त किया।

वीडीए ने सात दिन में ग्रुप हाउसिंग का मानचित्र किया स्वीकृत
जीटी रोड से गंगापुर मुख्य मार्ग पर वीडीए ने सात दिन में ग्रुप हाउसिंग स्कीम का मानचित्र स्वीकृत किया। विकासकर्ता मेसर्स पाथोस रियल इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने वीडीए में 5445.35 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर ग्रुप हाउसिंग का नक्शा आनलाइन जमा किया गया। 

बलिरामपुर के कसवार राजा में प्रस्तावित ग्रुप हाउसिंग 12 तलों का होगा। इसमें 96 यूनिट फ्लैट होंगे। पार्किंग एवं पहले से 12 वें तल तक निर्माण होगा। पार्किंग के अतिरिक्त अन्य सुविधाएं होंगी। वाशरूम, लिफ्ट,सीढ़ी का प्रावधान किया गया। परियोजना में 96 कार पार्किंग, 18 टू व्हीलर पार्किंग की प्रस्तावित ग्रुप हाउसिंग बिल्डिंग की इमारत की ऊंचाई 38.85 मीटर है। मानचित्र स्वीकृति से वीडीए को 1,17,43,288 का राजस्व प्राप्त हुआ। 

स्कॉर्पियो की टक्कर से मोपेड सवार घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के कपीसा बाईपास पर दानगंज निवासी राजेंद्र चौहान मोपेड से घर जा रहे थे। इस दौरान स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। घायल राजेंद्र चौहान को सीएचसी चोलापुर ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। उधर रोहनिया क्षेत्र के खुशीपुर बाईपास रोड पर अनियंत्रित होकर एक बोलेरो पलट गई। इससे महेंद्र प्रताप सिंह घायल हो गए।

नगर निगम ने कई इलाकों से हटवाए अतिक्रमण
महाकुंभ में आ रही भीड़ को ध्यान में रखकर गुरुवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। मैदागिन से गोदौलिया, मदनपुरा, सोनारपुरा, शिवाला आदि क्षेत्रों में अभियान चलाकर ठेले, खोमचे वालों के अतिक्रमण हटवाए। इस दौरान सामान जब्त किए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। 

उधर, नगवां पर एक ठेले वाले की भट्ठी तोड़ी गई। उसके सामान भी जब्त किए गए। इस दौरान वहां अफरा तफरी मच गई। एक दिन पूर्व जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने प्रवर्तन दल को हिदायत दी थी कि भीड़भाड़ वाले इलाके में कोई भी अवरोध न हो। ठेले खोमचे वालों को सड़क से हटाकर वेंडिंग जोन में किया जाए।

अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, न्यायिक कार्य से रहे विरत
प्रयागराज के महाकुंभ में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि देने के लिए सेंट्रल बार एसोसिएशन ने शोकसभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रखा। अधिवक्ताओं ने पीड़ित परिवारों को सहन शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इसके साथ ही पूरे शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात संबंधी समस्याओं के कारण न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया। अधिवक्ता समीर सिंह व अन्य की तरफ से लाए गए प्रस्ताव पर शोकसभा की अध्यक्षता अध्यक्ष मंगलेश दूबे और संचालन महामंत्री राजेश गुप्ता ने किया।

बिजली का कनेक्शन कटने पर सोसाइटी के मैनेजर की पिटाई
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती पंचक्रोशी स्थित रहेजा हाउसिंग सोसाइटी में एक फ्लैट की बिजली का कनेक्शन कटने पर मैनेजर के साथ मारपीट की गई। तहरीर के आधार पर पुलिस तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलिस को तहरीर देकर अभय सिंह ने बताया कि वह अपने यहां की हाउसिंग सोसाइटी के सचिव हैं। सोसाइटी के मैनेजर रजत सिंह गत 28 जनवरी को कार्यालय में मौजूद थे। उसी दौरान अमित ओझा व आकाश ओझा और उनके पिता विनोद ओझा बिजली बिल के बकाया के कारण कनेक्शन काटे जाने से नाराज होकर रजत सिंह को बुरी तरह से पीटे। पिता और दोनों पुत्र रजत सिंह का मोबाइल जमीन पर पटक दिए और सोसाइटी के जरूरी कागजात उठा ले गए।

जिला अस्पताल में डीएनबी कोर्स में डॉ. गौरांग का चयन
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मरीजों के इलाज के साथ ही अब चिकित्सा शिक्षा के तहत युवा डॉक्टरों के लिए डीएनबी कोर्स की शुरुआत हो गई है। इसके लिए गुजरात से डॉ. गौरांग नावड़िया आर्थोसर्जरी में इस कोर्स को करने के लिए चयनित हुए हैं। 

गुजरात से एमबीबीएस करने के बाद नीट की तीसरी काउंसलिंग के बाद इन्हें दीनदयाल अस्पताल में तीन वर्ष का कोर्स करना होगा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि अभी मेडिकल कालेज संचालन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में डॉ. गौरांग को ऑर्थो सर्जरी के लिए यहां तीन वर्षीय कोर्स करना होगा। अस्पताल में ऑर्थो रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजेश कुमार के निर्देशन में रखा गया है।

शाबान का चांद दिखा, 13 को मनेगा शबे बारात
इस्लामी कैलेंडर के आठवां माह शाबान का चांद गुरुवार को दिखा। शहरों के उलेमाओं ने इसकी दस्दीक की। शाबान की पहली तारीख होगी। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी सैयद फरमान हैदर ने बताया कि शुक्रवार को शाबान की 14 तारीख यानी 13 फरवरी को शबे बारात मनाई जाएगी। जबकि दो फरवरी को शहीद ए कर्बला इमाम हुसैन और तीन फरवरी को हजरत अब्बास की जयंती मनाई जाएगी। महफिलों का सिलसिला एक फरवरी से ही शुरू हो जाएगा।

सुबह दिखा कोहरा, दिन में धूप से 26 के पार पहुंच गया पारा
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में गुरुवार को हल्का कोहरा दिखने के बाद दिन में हवा की रफ्तार थमी रही। इस वजह से धूप अन्य दिनों की तुलना में बहुत असरदार रही। इससे अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

गुरुवार केा अधितिम तापमान 26.2 और न्यूनतम तापमान 8.4 रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि अगले तीन-चार दिन तक फिलहाल मौसम के ऐसे ही रहने के आसार हैं। अगले सप्ताह से मौसम में बदलाव के आसार हैं। 

गंगा आरती में श्रद्धालुओं से न आने की अपील
महाकुंभ के पलट प्रवाह की वजह से काशी में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब दशाश्वमेध घाट पर होने वाली मां गंगा की आरती में उनसे कुछ दिन न आने की अपील की गई है। गंगा सेवा निधि ने गुरुवार को संस्था की ओर से श्रद्धालुओं से यह अपील किया गया कि वह अभी कुछ दिन आरती में न आएं। 

अगर कोई मां गंगा के आरती को देखने के लिए काशी आना चाहता है तो कुछ दिनों के लिए यात्रा को आगे बढ़ा दें। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने लोगों से अपील की है कि काशी में बढ़ती भीड़ को लेकर गंगा आरती में शामिल होने न आएं। यहां बहुत ज्यादा भीड़ हो रही है। जबतक भीड़ ज्यादा है तबतक गंगा आरती में न आएं। ऑनलाइन भी गंगा आरती स्ट्रीम होती है वहीं से गंगा अरती के दर्शन करें।

हनुमान चालीसा पारायण का हुआ समापन, साहित्यकारों का सम्मान
विश्वेश्वर ट्रस्ट सोसाइटी के संस्थापक महर्षि ज्ञानानंद के 75वें निर्वाण दिवस पर लहुराबीर स्थित गायत्री मंदिर में हनुमान चालीसा पारायण का समापन हुआ। वहीं, साहित्यकारों का सम्मान भी हुआ।

मुख्य अतिथि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि हमारा धर्म आचार की शुद्धता पर आधारित है। आचार की शुद्धता पर हर युग में विचार करना ही धर्म का दायित्व है। सचिव सत्यनारायण पांडेय ने कहा कि महर्षि ज्ञानानंद का जन्म भाद्रपद सप्तमी तिथि के जन्माष्टमी के दिन अर्धरात्रि के समय हुआ था। 

गृहस्थ आश्रम छोड़कर उन्होंने संन्यास ग्रहण किया। 1901 में श्री भारत धर्म के महामंडल की स्थापना की। सम्मान समारोह में साहित्यिक पत्रिका सोच विचार के संपादक साहित्य भूषण डॉ. जितेंद्र नाथ मिश्र, साहित्यकार व्योमेश शुक्ल, डॉ. कैलाशपति त्रिपाठी, प्रो. अनिता गोपेश को उनके साहित्य, पत्रकारिता और अन्य सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। 

संचालन डॉ. चंद्रकांता और धन्यवाद ज्ञापन ट्रस्ट के ट्रस्टी एसपी श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में प्रो. शैलेंद्र उपाध्याय, डॉ. प्रेम शंकर पांडेय, प्यारे सिंह, अवध नारायण राय, संतोष दुबे और मोहन पांडेय आदि मौजूद रहे।

सिंगल यूज प्लास्टिक के लिए चला जागरूकता अभियान
कोतवाली जोन के कालभैरव वार्ड के मालवीय मार्केट में गुरुवार को आरंभ 5.0 महाअभियान चलाया गया। इसके तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के लिए माइक से अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक किया गया। नगर निगम और काशी यूनिवर्सल फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल न करें। इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों का चालान भी किया गया। सभी दुकानदारों को कूड़ा रखने के लिए डस्टबिन रखने को कहा गया।

सिलिका रेत लेकर कोलकाता रवाना हुआ होमी भाभा जलपोत
रामनगर मल्टीमॉडल टर्मिनल से गुरुवार को होमी भाभा मालवाहक जलपोत सिलिका रेत लेकर कोलकाता को रवाना हुआ। राष्ट्रीय जलमार्ग-1 के रास्ते यह मालवाहक जलपोत गया। जल परिवहन अधिकारियों के अनुसार सिलिका रेत से कांच का निर्माण होता है। पहाड़ी बारा तहसील के शंकरगढ़ क्षेत्र में और चित्रकूट में सिलिका रेत पाया जाता है।

घट स्थापना के साथ शुरू की दश महाविद्याओं की आराधना
माघ मास की शुक्लपक्ष की प्रतिपदा पर गुरुवार को गुप्त नवरात्रि शुरू हुई। श्रद्धालुओं ने घट स्थापना के साथ 10 महाविद्याओं की आराधना शुरू कर दी। पहले दिन सभी देवी मंदिरों में भी पूजन अर्चन हुआ।

अर्थववेद के तंत्र शास्त्र से प्रतपादित गुप्त नवरात्रि में दश महाविद्याओं की आराधना का विशेष महत्व है। महाकाली, महातारा, महात्रिपुरसुंदरी, महाभुवनेश्वरी, महाछिन्नमस्ता, महात्रिपुरभैरवी, महाधूमावती, महाबगलामुखी, महामातंगी और महाकमला हैं। इस नवरात्रि में घट स्थापना का विशेष महत्व है।

लोगों ने विधि-विधान से सुबह शुभ मुहूर्त व अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना कर पूजन अर्चन किया। फल, फूल व विविध नैवेद्य अर्पित किया। लोग व्रत भी रखे। देवी को प्रिय लाल, पीले या सफेद वस्त्रों का दान किया। सात फरवरी तक पूजन अर्चन होगा।

दर्शनार्थियों को बांटे गए बिस्कुट, खिचड़ी
महाकुंभ में स्नान कर काशी में आए दर्शनार्थियों को भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा ने गोदौलिया चौराहे पर बिस्किट और खिचड़ी बांटी। तीर्थ यात्रियों ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। इस मौके पर अनुज डिडवानिया, हेमदेव अग्रवाल, मृदु मेहरोत्रा, अनिल जायसवाल, रवि कुमार दुबे और महिला संयोजिका माया जायसवाल मौजूद रहीं।

मृतकों के लिए हुई दुआख्वानी
महाकुंभ में हुए हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के लिए दुआख्वानी हुई। काली महाल स्थित जेपी टावर में सोसाइटी के अध्यक्ष हाजी फरमान हैदर की अगुवाई में लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मरने वालों को खिराजे अकीदत पेश की। साथ ही घायलों के जल्द सेहतमंद होने की दुआएं मांगी। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की शहादत को भी याद किया गया। इस अवसर पर रवि, धनंजय, लखन, आशुतोष, अनूप, रमेश गुप्ता, कुमारी प्रतिभा, अनाया फातमा, हबीब और आरिया शामिल रहीं।

बरेका में महात्मा गांधी को दी गई मौन श्रद्धांजलि
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर महाप्रबंधक सभागार में मौन श्रद्धांजलि दी गई। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्ष और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। इस मौके पर बरेका के सभी विभागों और वर्कशॉप फ्लोर में भी महात्मा गांधी के योगदान को याद किया गया। 

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने इस दौरान कहा कि यह मौन श्रद्धांजलि केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि बापू की शिक्षाओं को आत्मसात करने का अवसर भी है। उन्होंने महात्मा गांधी के सादगीपूर्ण जीवन, सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाने पर बल दिया और सभी कर्मचारियों से समाज में शांति, एकता और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

प्रो. राजेंद्र शाह बने काय चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष
बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान के काय चिकित्सा विभाग में प्रो. राजेंद्र प्रसाद को विभागाध्यक्ष बनाया गया है। कुलसचिव कार्यालय की ओर से इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है। सहायक कुलसचिव सामान्य प्रशासन अशोक कुमार शर्मा के अनुसार प्रो. राजेंद्र की नियुक्ति एक फरवरी से तीन साल के लिए प्रभावी रहेगी।

प्रो. नलिनी श्याम कामिल को मिला युवा शक्ति सम्मान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. नलिनी श्याम कामिन को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए युवा शक्ति सम्मान से नवाजा गया है। कर्तव्यबोध पखवारा कार्यक्रम 2025 के अवसर पर प्रो. कामिल को यह सम्मान राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (काशी महानगर इकाई) की ओर से दिया गया। प्रो. कामिल इस समय काशी विद्यापीठ के एल्युमनाई सेल के निदेशक के उत्तरदायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। 

अब फ्लैट वालों को भी मिलेगा अपना मकान नंबर
शहर के फ्लैट में रहने वाले लोगों को भी अपना मकान नंबर ले सकेंगे। इसके लिए नगर निगम में आवेदन करना होगा। शहर में कई फ्लैट वालों ने मकान नंबर ले रखा है, लेकिन अब भी कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने अपने फ्लैट का नंबर नहीं लिया है।

दरअसल शहर के अधिकांश फ्लैट में रहने वालों की पहचान सोसाइटी के फ्लैट नंबर से होती है। ऐसी स्थिति में कई बार दोबारा रजिस्ट्री कराने में दिक्कत होती है। जब फ्लैट की खरीद फरोख्त होती है। ऐसे में बेचने वालों को अपने डाक्यूमेंट को दुरुस्त कराना पड़ता है। यदि इनके मकान का नंबर हो तो दिक्कत नहीं आती है। 

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि कई फ्लैट मालिक अपना खुद का मकान नंबर चाहते हैं। इस नाते यह सुविधा दी जाती है। गृहकर के लिए लगने वाले वसूली कैंप भी ऐसे लोग आते हैं। आवेदन के बाद जांच पड़ताल करके नंबर जारी किया जाता है। क्षेत्रफल के आधार पर गृहकर की वसूली की जाती है। 

रैन बसेरों में श्रद्धालुओं के लिए मेयर ने की भोजन के पैकेट बांटने की शुरुआत
महाकुंभ से काशी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम भोजन के पैकेट बांटने की शुरुआत की। बृहस्पतिवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी ने टाउनहाल और सनातन धर्म में खुले रैन बसेरे में जाकर खुद भोजन के पैकेट बांटे। पहले दिन 2000 से अधिक भोजन के पैकेट शहर के रैन बसेरों में बांटे गए। 

शुक्रवार से लगातार भोजन के पैकेट सभी रैन बसेरों में बांटे जाएंगे। मेयर ने बताया बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को दोपहर और रात में भोजन के पैकेट दिए जाएंगे। तकरीबन दस हजार भोजन के पैकेट प्रतिदिन बांटे जाएंगे। इसके लिए सभी रैन बसेरों में अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। 

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम की ओर से रहने, पार्किंग, पानी, ठहरने की व्यवस्था की गई थी। अब खाने का भी इंतजाम किया गया है। भीड़ जब तक आएगी तब तक यह व्यवस्था की जाएगी।

आईएमएस बीएचयू में दो पहिया से आएंगे डॉक्टर
महाकुंभ को लेकर बढ़ी भीड़ के बीच आईएमएस बीएचयू के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ को कुछ दिन तक दो पहिया से आने को कहा गया है। निदेशक प्रो. एसएन संखवार की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि संकाय सदस्यों, रेजिडेंट, पैरामेडिकल स्टाफ को अपने दो पहिया वाहन से आना होगा। साथ ही केएन उडुप्पा सभागार, न्यू लेक्चर थियेटर के पार्किंग क्षेत्र के साथ ही अस्पताल के पार्किंग स्थल पर दो पहिया वाहनों को खड़ा करना होगा। 

15 किलो गांजा भट्ठी में जला कर नष्ट कराया
रामनगर थाने की पुलिस ने गुरुवार को 15 किलो 100 ग्राम गांजा एक प्लाईवुड फैक्ट्री की विशालकाय भट्ठी में झोंक कर जला दिया। इस संबंध में रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि जलाया गया गांजा एनडीपीएस एक्ट के सात मुकदमों से संबंधित था। यह कार्रवाई जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष डीसीपी गोमती जोन / अपराध प्रमोद कुमार के निर्देश के आधार पर की गई है।

हमराही को पृतशोक
समाचार पत्र विक्रेता (हमराही) कुलभाष्कर त्रिपाठी के पिता नव्य व्याकरणचार्य इंद्रजीत तिवारी (75) का बुधवार को उनके आवास हाशिमपुर पांडेयपुर में निधन हो गया। इनके दो बेटे कुलभाष्कर, सुधाकर त्रिपाठी एक बेटी शशिकला है। मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि बड़े बेटे कुलभाष्कार त्रिपाठी ने दी।

अधिक किराया वसूली में वाहन होगा सीज, निरस्त होगी परमिट
महाकुंभ के पलट प्रवाह के बीच श्रद्धालुओं से अवैध किराया वसूली को लेकर परिवहन विभाग सख्त है। बृहस्पतिवार को हरहुआ स्थित कार्यालय में परिवहन अधिकारियों ने ऑटो, ई-रिक्शा यूनियन संग बैठक की। इस बीच आरटीओ प्रशासन शिखर ओझा और आरटीओ प्रवर्तन मनोज वर्मा ने यूनियन पदाधिकारियों से कहा कि अधिक किराया वसूली की शिकायत मिली तो वाहन सीज के साथ ही परमिट भी निरस्त कर दिया जाएगा। 

ऑटो यूनियन अध्यक्ष भगवाान सिंह ने कहा कि कोई भी ऑटो चालक यदि अधिक किराया वसूली में लिप्त पाया गया तो उसे एसोसिएशन से निष्कासित कर दिया जाएगा। उधर, सड़क सुरक्षा माह के तहत वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर ओवरस्पीड वाहनों की जांच में 53 वाहनों का ओवरस्पीड में चालान किया गया।

जिला अस्पताल में दो घंटे मरीज से मिल सकेंगे, 300 पास भी बनेगा
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलने का समय निर्धारित किया गया है। अब हर दिन दो-दो घंटे की मुलाकात मरीजों से हो सकेगी। इसके लिए 300 पास की व्यवस्था की गई है। इस पास को भर्ती मरीज के संबंधित वार्ड से जारी किया जाएगा। 

अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों से अब दोपहर 12 से 2 बजे और शाम को 4 से 6 बजे तक मिलने का समय निर्धारित किया गया है। इसके लिए 300 पास की व्यवस्था भी कर दी गई है। साथ ही भोजन और नाश्ता मिलने का समय भी निर्धारित कर दिया गया है। 

इसमें सुबह 7 से लेकर 8 बजे तक नाश्ता, दोपहर में 12 से 1 बजे तक भोजन दिया जाएगा और रात का भोजन 6 बजे से 7 बजे तक मिलेगा। समय निर्धारित करने से सभी भर्ती मरीजों और अस्पताल के स्टाफ को सहूलियत मिलेगी।

श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं दिलाना हमारी प्राथमिकता
कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने गुरुवार को मंदिर कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सर्वश्रेष्ठ दर्शन अनुभव सुनिश्चित करने के लिए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष उपायों को लागू किया है। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई न हो। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं में भी पूरी तरह से पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।

हुकुलगंज में धंसी सड़क में फंसा जेटिंग मशीन वाहन का पहिया
चौकाघाट से हुकुलगंज मार्ग पर सफाई के आई जेटिंग मशीन सड़क में धंस गई। इसके चलते सफाई कार्य प्रभावित हुआ। क्षेत्रीय पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने जलकल के सचिव ओपी सिंह को जानकारी दी। इसके बाद दूसरी जेटिंग मशीन मंगाकर सफाई शुरू कराई गई। इसके साथ ही क्रेन से धंसी जेटिंग मशीन को हटाने के साथ पीडब्ल्यूडी को सड़क धंसने की जानकारी दी गई।

पार्षद ने बताया कि गली में सीवर लाइन जाम रहा। इसकी सफाई के लिए जेटिंग मशीन आई थी। जैसे जेटिंग मशीन आई और गली के सामने खड़ी हुई। उसी दौरान जेटिंग मशीन वाहन का पिछला पहिया जमीन में धंस गया। इससे वाहन टेढ़ा हो गया। 

तत्काल जलकल के अधिकारियों को जानकारी देकर दूसरी मशीन मंगाई गई। इसके बाद सफाई का कार्य शुरू कराया गया। उधर धंसी जेटिंग मशीन को हटवाने का काम कराया गया। पीडब्ल्यूडी को सड़क बनाने के लिए कहा गया है।

बिजलीकर्मी आज करेंगे राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन
निजीकरण के विरोध में गुरुवार को बिजलीकर्मियों ने प्रदर्शन कर कैंडल जुलूस निकाला। आरके वाही ने बताया कि 31 जनवरी को देशभर में बिजली कर्मी विरोध प्रदर्शन करेंगे। कहा कि उप्र के पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम को घाटे के नाम पर बेचने की प्रक्रिया चल रही है। 

उन्होंने बताया कि प्रयागराज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को देखते हुए संघर्ष समिति ने वसंत पंचमी के दिन 2 फरवरी तक प्रयागराज में कोई आंदोलन न करने का निर्णय लिया है। इस दौरान मायाशंकर तिवारी, ओपी सिंह, रामकुमार झा, वेदप्रकाश राय, राजेश कुमार मौजूद रहे।

छह-सात घंटे लाइन में लगने के बाद हुए बाबा के दर्शन
महाकुंभ का पलट प्रवाह काशी में जारी है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालु करीब दो किलोमीटर लंबी लाइनों में लगकर बाबा के दर्शन को पहुंच रहे हैं। छह-सात घंटे तक लाइन में लगकर श्रद्धालुओं को बाबा के झांकी दर्शन हो रहे हैं। 

यही हाल बाबा कालभैरव के दर्शन का भी है। यहां भी भक्तों की लंबी लाइन लग रही हैं। बृहस्पतिवार को करीब आठ लाख भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन किए। भक्तों की लंबी कतारों के चलते सिर्फ झांकी दर्शन ही हो पा रहे हैं।

गुरुवार की भोर में 2:45 बजे मंगला आरती शुरू हुई। मंगला आरती के बाद दर्शन-पूजन का सिलसिला हुआ। मंगला आरती के बाद दर्शन करने के लिए भक्तों ने देर रात से ही लाइन लगा ली थी। गेट नंबर चार की ओर से लगी लाइन चौक से होती हुई मैदागिन के आगे तक गई थी। यहां दो कतारें लगी थीं। 

यही हाल गोदौलिया की ओर रहा। इधर, जंगमबाड़ी तक लाइन पहुंच गई और घाट की ओर जिगजैग बनाकर मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को दर्शन कराए। भीड़ के चलते गिरजाघर से गोदौलिया जाने वाले एक रास्ते को पूरी तरह से वाहनों के लिए बंद कर दिया गया। 

यहां से सिर्फ पैदल लोग ही जा पा रहे थे। इससे पहले सोमवार को दर्शन के सभी रिकॉर्ड टूट चुके थे। सोमवार को करीब 12 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे। दूसरी तरफ बाबा कालभैरव और विशालाक्षी मंदिर और माता अन्नपूर्णा में भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।

श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भाजपा ने लगाए शिविर
काशी दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की सेवा में भाजपा ने कैंप लगाए हैं। यहां उनके नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की जा रही है। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि चांदपुर में लगे शिविर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन और अन्य सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। लाई का लड्डू और चाय दी जा रही है। 

20 फरवरी तक पूरा करें प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जो भी सर्वे बाकी रह गए हैं, उन्हें हर हाल में 20 फरवरी तक पूरा कर लिया जाए। अगली समीक्षा 10 फरवरी को की जाएगी। जिनका कार्य संतोषजनक नहीं पाया जाएगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 

कर्मचारी के खिलाफ शिकायत, जांच की मांग
प्रधान संघ के जिला उपाध्यक्ष ग्राम प्रधान सोनबरसा बेचू राम ने सेवापुरी ब्लॉक में तैनात एक कर्मचारी के खिलाफ सीडीओ से शिकायत की है। आरोप है कि पिछले पंद्रह साल से यह इसी पद पर तैनात है और भ्रष्टाचार करते हैं। बिना सुविधा शुल्क लिए काम नहीं करते हैं। जब भी इनके खिलाफ शिकायत की जाती है तो यह ग्राम प्रधानों के खिलाफ की गलत शिकायतें करने लगते हैं। उन्हाेंने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। 

महाकुंभ में गई महिला का नहीं लगा पता
मिर्जामुराद के बेनीपुर गांव से प्रयागराज में महाकुंभ में गई बेनीपुर की प्रभावती देवी (55) लापता हो गई हैं। उनका बेटा विजय शंकर पटेल अपने साथियों के साथ प्रयागराज में उनकी खोजबीन कर रहा है।

विजय शंकर पटेल ने बताया कि सोमवार को मौनी अमावस्या के दिन उनकी मां प्रभावती देवी गांव के लोगों के साथ एक मैजिक से प्रयागराज गई थीं। मंगलवार की रात वहां हुए हादसे के बाद गांव के अन्य सभी लोग मिल गए। मगर, उनकी मां नहीं मिली। साथ गए लोगों ने मेला क्षेत्र में उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं लगा। अंत में हार-थक कर गांव के लोग अपने घर चले आए। विजय शंकर पटेल ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ अपनी मां को तलाश रहे हैं।

आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रोड़ चौड़ीकरण, ट्रांसफार्मर और लाइन शिफ्टिंग से संबंधित कार्य को लेकर शुक्रवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी क्रम में 33/11 केवी उदयपुर, पांडेयपुर, दौलतपुर उपकेंद्र में पेड़ों की कटाई के दौरान सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं, चांदपुर में रोड़ चौड़ीकरण और लाइन शिफ्टिंग से संबंधित कार्य के लिए अपराह्न 13:10 से 17:45 बजे तक बिजली कटी रही। जबकि जेल रोड पर मीटर लगाने के लिए एक घंटे से अधिक का शटडाउन लिया गया। 

दुर्गाकुंड में आरओ सिस्टम की तरह लगने वाले उपकरण से पानी होगा शुद्ध
दुर्गाकुंड को संवारने से पूर्व यहां के पानी को शुद्ध किया जा रहा है। आरओ सिस्टम की तरह लगने वाले उपकरण से पानी शुद्ध रहेगा और बदबू नहीं आएगी। मछलियों के चलते पानी से आने वाली दुर्गंध दूर हो जाएगी। ऑक्सीजन लेवल बढ़ाने के लिए अनवरत पानी को फिल्टर करने की प्रक्रिया की जा रही है।

इस काम को कराने वाले वेल्सपन कंपनी के राहुल जैन ने बताया कि इस काम में आयरिश वैज्ञानिक डॉ. लियाम की मदद ली जा रही है। दस दिन के भीतर दुर्गाकुंड का पूरा पानी साफ हो जाएगा। इसके लिए पानी के फिल्टरेशन की प्रक्रिया चल रही है। मछलियों को देखते हुए इसमें आक्सीजन की मात्रा बढ़ाई जा रही है। इसमें मशीनों के जरिये पानी को साफ किया जा रहा है। 

कुंड से पानी निकालकर मशीन में भेजा जा रहा है। वहां से फिल्टर होने के बाद पानी को वापस कुंड में डाला जा रहा है। इस काम को सीएसआर फंड से कराया जा रहा है। पिछले दिनों पीएमओ की टीम ने इसे काफी सराहा था। इसके पहले यहां उपकरणों को इंस्टाल किया जाएगा। इसका बेहतर परिणाम मिलने पर अन्य कुंडों में लगाया जाएगा।

जेल रोड और संदहा में बनेंगे दो नए उपकेंद्र
जिले की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए बिजली निगम ने जेल रोड और संदहा में 33/11 केवी के नए उपकेंद्र बनाने के लिए भूमि चिह्वित कर ली है। इससे जेल रोड, कोइलहवा, लक्ष्मणपुर, पन्ना लाल पार्क सहित कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा। 

जिले में इस समय 85 उपकेंद्र हैं। इसमें शहर में 44 और ग्रामीण इलाकों में 41 उपकेंद्र हैं। अब निगम की ओर से 15 नए उपकेंद्र बनाए जाने हैं। इसके बाद उपकेंद्रों की संख्या 100 हो जाएगी। 15 में से 8 उपकेंद्र ग्रामीण इलाकों में और 7 शहरी इलाकों में बनने हैं। 

एनटीडी से जुड़ी बीमारियों का समय पर इलाज जरूरी
विश्व एनटीडी (नेगलेक्टेड ट्रॉपिकल डिजीज) दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में इससे जुड़ी बीमारियों के कारण और बचाव पर चर्चा की गई। एनटीडी के तहत फाइलेरिया, कालाजार, कुष्ठ रोग, डेंगू, चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियां आती हैं। इन सभी बीमारियों के बारे में जानना और समय पर इलाज करवाना बहुत जरूरी है।

सीएमओ कार्यालय में आयोजित गोष्ठी में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि एनडीटी जीवन को प्रतिकूल रूप से प्रभावित करने वाली बीमारियों का समूह है, जो कमजोर आबादी को ज्यादा प्रभावित करता है। इन रोगों की रोकथाम संभव है।

एसीएमओ डॉ. एसएस कनौजिया ने बताया कि एनटीडी में शामिल बीमारियां वायरस, बैक्टीरिया, पैरासाइट फंगस और टॉक्सिन से होती हैं। इसमें फाइलेरिया, डेंगू और कालाजार को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इन रोगों के लक्षणों की पहचान बेहद जरूरी है। यदि समय से मरीजों में इन रोगों की पहचान कर उनका इलाज शुरू किया जाए तो वह स्वस्थ हो सकते हैं।

Varanasi news in one click FIR against investment company false promise getting job in Saudi
गोदाैलिया चाैराहे पर इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है। - फोटो : अमर उजाला

कहां खड़ा किए थे कार भूल गए, पुलिस और एनएचएआई ने की मदद
प्रयागराज के महाकुंभ से काशी आने वाले श्रद्धालु भाषा और जगह की जानकारी न होने के कारण परेशान हो रहे हैं। और तो और, अपनी कार कहां खड़ी किए हैं, यह भी भूल जा रहे हैं। ऐसे श्रद्धालुओं की मदद कमिश्नरेट की पुलिस के साथ ही एनएचएआई के कर्मचारी कर रहे हैं।

महाराष्ट्र से आए शिवा प्रसाद अपनी कार को मुड़ैला के पास खड़ा करके पैदल विश्वनाथ मंदिर गए थे। वहां से निकलने के बाद ऑटो चालक 700 रुपये लेकर उन्हें डाफी चौराहा पर छोड़ दिया। शिव परेशान हो गए कि उनकी कार कहां है। शिव का बेटा अपनी कार को खड़ा करने के बाद सड़क पर सेल्फी लिया था। 

फोटो की मदद से काफी मशक्कत करने के बाद एनएचएआई के कर्मचारियों ने उनको शिव और उनके बेटे को मुड़ैला में उनकी कार के पास पहुंचाया। झारखंड के रांची के रामोराबाड़ी निवासी महेश प्रसाद यादव अपनी कार को लौटूबीर सीरगोवर्धनपुर में खड़ा करके दर्शन-पूजन करने गए थे। 

वापसी में वह यह भूल गए कि अपनी कार कहां खड़ा किए थे। इस पर उन्होंने लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा से अपनी समस्या बताई। लंका थानाध्यक्ष ने घंटों की मशक्कत के बाद महेश को उनकी कार के पास पहुंचाया।

अतिरिक्त रुपया लेकर नाव में बिठाया, लाइफ जैकेट नहीं पहनाई तो होगी कार्रवाई : डीएम
डीएम एस. राजलिंगम और अपर पुलिस कमिश्नर डॉ. एस चनप्पा ने गुरुवार को गोदौलिया चौराहा, मंदिर कॉरिडोर, रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। दर्शन के लिए लाइन में खड़े भक्तों से दोनों अफसरों ने बातचीत की। गिरजाघर चौराहे के पास सामान बेच रहे रेहड़ी पटरी और ठेला लगाने वालो को चेतावनी दी कि अगर फिर से कोई भी दुकान लगाई तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने उन्होंने दशाश्वमेध घाट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नाव में बैठने वाले लोगों से कहा कि अगर कोई भी नाव चालक अतिरिक्त किराया वसूलता है या बिना लाइफ जैकेट के यात्रियों को बैठाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने लोगों से कहा कि इसके संबंध में पास की पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराने को कहा। इसके बाद दशाश्वमेध घाट से एनडीआरएफ की मोटर से ललिता घाट पहुंचे और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।

स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने ट्रेनों के संचालन, ठहराव और यात्रियों की सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी। डायरेक्टर ने स्टेशन के बाहर पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को हटवाने का अनुरोध किया जिस पर डीएम ने यातायात पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि गाड़ियों के आवागमन के संबंध में लगातार अनाउंस करते रहें ताकि यात्रियों को कोई असुविधा ना हो।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed