यूपी: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों का प्रवेश अभी रहेगा बंद, 18 करोड़ टोल का हो चुका नुकसान
Lucknow Kanpur Expressway: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर अभी भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। आईआईटी खड़गपुर की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वाहनों की आवाजाही पर फैसला होगा।
विस्तार
18 करोड़ रुपये के टोल का हो चुका है नुकसान
बीते छह अगस्त से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली स्थगित है। एनएचएआई की ओर से आकलन प्रतिदिन 42 लाख रुपये की टोल वसूली का था। इसके चलते पिछले 41 दिनों में 18 करोड़ रुपये के आसपास की टोल वसूली का नुकसान हो चुका है। एनएचएआई का कहना है कि टोल के नुकसान की भरपाई निर्माणदायी एजेंसी पीएनसी से होगी।
लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड रोड की तोड़ रहे स्लैब
लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड रोड के जिस हिस्से से बीते रविवार रात कंक्रीट और मलबा टूटकर कानपुर रोड पर गिरा था, उसकी पुरानी स्लैब को तोड़कर अब दोबारा ढलाई की जाएगी। शुक्रवार सुबह प्रभावित हिस्से की ऊपरी स्लैब को तोड़ने का काम शुरू हो गया।
स्लैब तोड़ने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रभावित लेन के चारों ओर करीब 15 फीट ऊंची टीन की चादरों से घेरा बनाया गया है। घेरे के बाहर हाइड्रा मशीन समेत निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले अन्य वाहन खड़े किए गए हैं। वहीं, नीचे की सड़क पर मलबा न गिरे, इसके लिए पहले एलिवेटेड रोड के निचले हिस्से में मजबूत लोहे के एंगल लगाए गए और उनके ऊपर टीन की चादरें बिछाई गईं। इसके बाद चारों ओर हरे रंग का सुरक्षा जाल लगाया गया।