शंकर-भोलू ठीक हुए तो अब कुन्नी को हुई टीबी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटावा। इटावा सफारी पार्क की मुसीबतें दूर होने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थिति ये है कि एक मुश्किल दूर नहीं हो पाती है कि दूसरी समस्या सफारी प्रशासन के सामने खड़ी हो जाती है। इस बार मुसीबत भालुओं पर है। तीन माह पहले सफारी के दो भालू शंकर और भोलू को टीबी हो गई थी। जिसके बाद लगातार दवा देकर दोनों को टीबी के संक्रमण से मुक्त करा लिया गया। जब फिर से सभी भालुओं के ब्लड सैंपल जांच को भेजे गए तो अब मादा भालू कुन्नी टीबी पॉजिटिव पाई गई है। आगरा व बरेली के पशु विशेषज्ञों की सलाह पर कुन्नी का इलाज शुरू कर दिया गया है।
इटावा सफारी पार्क के भालू सफारी में कुल चार भालू शंकर, भोलू, कुन्नी और कालिया को लाया गया है। भालुओं के सफारी में आने के कुछ दिन बाद जब उनके खून की जांच कराई गई तो उसमें शंकर और भोलू में टीबी का संक्रमण पाया गया। जिसके बाद से इन दोनों भालुओं का टीबी का उपचार चल रहा था। सप्ताह भर पहले दोनों का टीबी का कोर्स पूरा होने के बाद इनके ब्लड सैंपल के साथ अन्य भालुओं के भी ब्लड सैंपल आईवीआरआई बरेली को जांच के लिए भेजे गए। जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को आ गई। खास बात ये रही कि रिपोर्ट में भालू शंकर और भोलू तो पूरी तरह से टीबी के संक्रमण से मुक्त पाए गए हैं लेकिन मादा भालू कुन्नी में टीबी पॉजिटिव पाई गई। इस रिपोर्ट के आने से सफारी प्रशासन के होश उड़ गए हैं। जिसका कारण है कि अब एक बार फिर से कुन्नी का पूरे तीन माह तक उपचार चलेगा और उसे अन्य भालुओं से अलग रखना पड़ेगा।
भालू शंकर को लगी सर्दी, डॉ. इलैया राजा सफारी पहुंचे
दो दिन पहले भालू शंकर एक बार फिर से बीमार हो गया। सफारी में मौजूद कीपर ने जब बाड़े में शंकर को एक किनारे पर पड़ा देखा तो तुरंत इसकी जानकारी डॉ. गौरव श्रीवास्तव को दी। जिसके बाद उसका तुरंत चेकअप किया गया। जिसमें पाया गया कि वह सर्दी की चपेट में आ गया है। तुरंत उपचार शुरू किए जाने के साथ ही सफारी प्रशासन ने शंकर के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आगरा भालू संरक्षण केंद्र के डॉ. इलैया राजा को भी बुलाया। उन्होंने शंकर की जांच कर बताया कि सर्दी के चलते उसकी मांसपेशियाें में जकड़न है। उनकी सलाह पर शंकर का उपचार शुरू किया गया। इटावा सफारी पार्क के डायरेक्टर पीपी सिंह के अनुसार अब शंकर की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। इसके साथ ही डॉ. इलैया राजा व आईवीआरआई बरेली के पशु विशेषज्ञों की सलाह पर कुन्नी का भी उपचार शुरू कर दिया गया है।
पहली फीकल रिपोर्ट में क्लियर नहीं हुई शेरनी जेसिका की प्रेगनेंसी
लायन सफारी की शेरनी जेसिका की पहली फीकल रिपोर्ट (मेटिंग के बाद जांच के लिए भेजा गया सैंपल) सफारी प्रशासन को आइवीआरआई बरेली से प्राप्त हो गई है। इस रिपोर्ट में यह साफ नहीं हो सका है कि शेरनी जेसिका गर्भवती है या नहीं। जिसके बाद दो अन्य फीकल सैंपल सफारी प्रशासन ने आईवीआरआई को जांच के लिए भेजे हैं। माना जा रहा है कि इन सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो जाएगा कि सफारी को एक बार फिर शेरनी जेसिका से जल्द खुशियां मिलेंगी या नहीं। मालूम हो कि जेसिका की शेर गीगो के साथ एक माह पहले मेटिंग कराई गई थी।
बढ़ती सर्दी के साथ चलाए गए हीटर
पिछले एक सप्ताह से बढ़ती सर्दी और भालू शंकर के सर्दी की चपेट में आने के बाद सफारी पार्क के जानवरों की देखरेख और बढ़ा दी गई है। जानवरों के बाड़ों में लगाए गए रूम हीटर शाम होते से ही चलाया जाने लगा है। बाडे़ का तापमान सामान्य रखने के लिए हीटर को चलाया व बंद किया जा रहा है। इसके लिए कीपरों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही बाड़े की खिड़कियों को पूरी तरह से सील्ड कर दिया गया है। रात के समय दरवाजों को भी एयर प्रूफ किया जाता है। जिससे शेर और भालू सर्द हवाओं की चपेट में न आएं। इसके अलावा शेरों क ो दिए जाने वाले भोजन में भी बढ़ोतरी की गई है। जिससे उनके शरीर का तापमान बढ़ती सर्दी से संतुलन बनाए रहे।