हवाला के पैसे से कश्मीर घाटी में हो रही है आतंकियों की भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घाटी में युवाओं को रुपये के लालच और जेहाद के नाम पर आतंकवाद में शामिल करने का आतंकी संगठन काम कर रहे हैं। इन युवाओें को रुपये दिए जाने के लिए हवाला रैकेट भी पूरी तरह से सक्रिय है।
अत्याधुनिक तरीके से इस हवाला राशि को ओवरग्राउंड वर्करों तक पहुंचाया जा रहा है, जो युवाओं को आतंकी बनाने में जुटे हैं। कश्मीर में पिछले एक महीने मे दो अलग-अलग मामलों में ऐसे चार आरोपियों को पकड़ा गया है, जो आतंकी संगठनों में युवाओं को भर्ती करने का काम करते रहे।
इस भर्ती अभियान के लिए सक्रिय हवाला रैकेट का भी पुलिस पर्दाफाश नहीं कर पाई है। पिछले कई साल से हवाला रैकेट को पकड़े जाने का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
आतंकवाद में धकेले जा रहे युवा
घाटी में स्थानीय युवाओं को भर्ती करने का अभियान जारी है। सीमा पार से भी आतंकी घुसपैठ के लिए तैयार हैं। जम्मू-कश्मीर में बड़ी घटना को अंजाम देने के अलावा जेहाद के लिए आतुर युवाओं को रुपये के लालच में भर्ती भी कराया जा रहा है। इन युवाओं को सीमा पार भेजकर आतंकी ट्रेनिंग कराई जा रही है। पुंछ सेक्टर से तीन युवाओं को इसी महीने पकड़ा गया, जो आतंकी बनने पीओके जा रहे थे।
अप्रैल महीने में ही कश्मीर से आतंकवाद के लिए युुवाओं को भर्ती करा रहे ओवर ग्राउंड वर्कर को पकड़ा गया। इसी तरह मंगलवार को भी घाटी से तीन लोगों को पकड़ा गया जो युवाओं को गुमराह करके आतंकवाद में शामिल करने का काम कर रहे थे। इन तीनों लोगों ने ही खुलासा किया कि रुपये हवाला के जरिये आ रहे हैं।
कश्मीर के आईजीपी एसएम जिलानी के अनुसार पुलिस हाईटैक सिस्टम से सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। पुलिस की पैनी नजर के कारण ही आतंकी भर्ती का पर्दाफाश किया गया है। इस रैकेट में कौन शामिल हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।